EPFO के करोड़ों खाताधारकों के लिए अच्छी खबर है. मेन वेबसाइट से लेकर UAN पोर्टल तक के अपग्रेडेशन के बाद अब EPFO जल्द ही अपने सब्सक्राइबर्स को बड़ा तोहफा देने जा रहा है. श्रम मंत्रालय के आधिकारिक सूत्रों ने NDTV को एक्सक्लूसिव जानकारी दी है कि EPFO एक महीने के भीतर AI आधारित चैटबॉट सर्विस शुरू कर सकता है. इसके जरिये यूजर्स अपने WhatsApp पर ही PF बैलेंस, हर महीने का PF अंशदान, ब्याज क्रेडिट और क्लेम स्टेटस जैसी जरूरी सुविधाएं ले सकेंगे. सूत्रों ने बताया कि EPFO का AI चैटबॉट भी बैंकों के चैटबॉट की तरह काम करेगा.
कितने दिन के भीतर शुरू होगी AI बॉट सर्विस
जी हां, PF से जुड़ी हर जानकारी अब आपको WhatsApp पर मिलने वाली है. EPFO ने जो AI बॉट तैयार किया है, वो बैलेंस से लेकर क्लेम स्टेटस तक सब कुछ एक क्लिक में बताएगा. यानी अगर आप EPF खाताधारक हैं, तो अब आपको अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर लॉगिन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. अधिकारिक सूत्र ने बताया कि EPFO जल्द AI बॉट के जरिए WhatsApp पर ही सभी बेसिक सेवाएं देने जा रहा है.
NDTV ने जब उनसे पूछा कि ये सर्विस कब तक शुरू हो सकती है, तो उन्होंने उम्मीद जताई कि इसमें अभी एक महीना लग सकता है. एक महीने के भीतर इसे शुरू करने की मंत्रालय की इच्छा है.

रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर जरूरी होगा
दरअसल, EPFO अपने डिजिटल सिस्टम को और ज्यादा स्मार्ट बनाने जा रहा है. आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि AI बॉट सर्विस इसी अपग्रेडेशन का हिस्सा है. उनके मुताबिक, इसके लिए EPF से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की जरूरत होगी और उसी नंबर से WhatsApp अकाउंट भी होना जरूरी है.
जिस तरह दिल्ली मेट्रो के AI बॉट का एक नंबर है, जो WhatsApp पर एक्टिव रहता है और जिसके जरिये इंक्वायरी और टिकट काटने की ये सुविधा देता है... उसी तरह EPFO के AI बॉट का भी एक मोबाइल नंबर होगा, जिसपर केवल WhatsApp पर मैसेज किया जा सकेगा. इस नई सुविधा के जरिए खाताधारक अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से PF से जुड़ी ज्यादातर जानकारी सीधे WhatsApp पर हासिल कर सकेंगे.
क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?
- EPFO की AI बॉट के जरिये आप अपने PF खाते का बैलेंस जान पाएंगे
- हर महीने आपके PF अकाउंट में कितना जमा हो रहा है, ये जान पाएंगे.
- ये AI बॉट PF पर मिलने वाल ब्याज की रकम के बारे में जानकारी देगा.
- आपके खाते में कब और कितना ब्याज क्रेडिट हुआ, ये भी बताएगा.
- अपने खाते के पिछले ट्रांजैक्शंस या लेनदेन के बारे में जान सकेंगे.
- आपने अगर PF क्लेम किया है, तो उसका स्टेटस चेक कर पाएंगे.
- अगर आपने कोई कंप्लेन किया है तो उसका अपडेट ले सकेंगे.

क्या होता है AI बॉट, कैसे काम करता है?
AI बॉट दरअसल एक ऐसा सॉफ्टवेयर प्रोग्राम है जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग का उपयोग करके इंसानों की तरह बातचीत कर सकता है. ये आपके सवालों के जवाब देता है, कोडिंग कर सकता है और समस्याओं को सुलझा सकता है.
NLP यानी नैचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग तकनीक, बॉट को इंसानों की बोलचाल की भाषा (जैसे- हिंदी, अंग्रेजी या अन्य भाषा) को समझने में मदद करती है. ये बॉट भारी मात्रा में उपलब्ध डेटा से सीखते हैं और समय के साथ और अधिक सटीक और बुद्धिमान होते जाते हैं.
EPFO के AI बॉट को करोड़ों खाताधारकों के डेटा का एक्सेस दिया जाएगा, ताकि ये कहीं से भी जानकारी निकाल कर आपतक पहुंचा पाए. जैसे कि OpenAI का ChatGPT और Google का Gemini काम करता है, वैसे ही ये भी काम करेगा. हालांकि डेटा सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया है.
ये भी पढ़ें: बच्चों के मन में अगर आया सुसाइड का ख्याल तो तुरंत मां-बाप को अलर्ट भेज देगा Meta
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं