12 जून 2026 को एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स अमेरिकी शेयर मार्केट में रिकॉर्ड 75 अरब डॉलर के आईपीओ के साथ लिस्ट हो गई. लिस्टिंग के बाद स्पेसएक्स के शेयरों में 19% का बड़ा उछाल आया. इस धमाकेदार तेजी के साथ मस्क की टोटल नेटवर्थ में एक ही दिन में 139 अरब डॉलर का बड़ा उछाल आया, जिसके जरिए वो दुनिया के पहले खरबपति बन गए. ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के अनुसार, मस्क की संपत्ति करीब 1.11 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गई है. इसके बाद हमने जब एआई टूल्स जैसे चैटजीपीटी और गूगल जैमिनी से मस्क की इस संपत्ति को समझने के लिए कुछ सवाल पूछे तो एआई ने ऐसे अनोखे आंकड़े बताए, जिन्हें आप जानकार हैरान रह जाएंगे.
जब एआई से पूछा गया कि मस्क की संपत्ति असल में कितनी बड़ी है, तो उसने समझाने के लिए कुछ तुलना हमारे सामने रखीं. कुछ तुलना तो ऐसी रहीं जिन्हें जानकर हम सोच में ही पड़ गए. ऐसे में इनके बारे में आपको जानना तो चाहिए ही. तो चलिए इस खबर में हमारे सवालों और एआई के जवाबों के बारे में आपको बताते हैं.
1 ट्रिलियन डॉलर की कीमत कितनी है?
सबसे पहले ये समझना जरूरी है कि 1 ट्रिलियन डॉलर आखिर होते कितने हैं. अगर हम भारतीय रुपये में इसकी तुलना करें, तो आज के एक्सचेंज रेट (95.11) के हिसाब से 1 ट्रिलियन डॉलर का मतलब 95.11 लाख करोड़ रुपये होता है. ये रकम इतनी बड़ी है कि इससे दुनिया के कई छोटे देशों की अर्थव्यवस्थाएं सालों तक चलाई जा सकती हैं.
भारत की टॉप 10 कंपनियों से भी ज्यादा दौलत
एआई ने बताया कि अगर भारत की टॉप 10 कंपनियों के टोटल मार्केट वैल्यूएशन को एक साथ मिला भी दें तो भी एलन मस्क की संपत्ति उन सभी के टोटल से कहीं ज्यादा रहेगी. इस जवाब को जानकार हम हैरान रह गए क्योंकि देश की टॉप 10 कंपनियों में रिलायंस से लेकर एचडीएफसी बैंक, टीसीएस जैसे दिग्गज शामिल हैं. मस्क की संपत्ति करीब 1.11 ट्रिलियन डॉलर है. अगर इसे रुपये में बदलें तो ये 105.64 लाख करोड़ रुपये होती है. वहीं भारत की टॉप 10 कंपनियों का मार्केट कैप बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के अनुसार 88.35 लाख करोड़ ही है.
दुनिया के 172 देशों से भी ज्यादा पैसा
देश से आगे अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चलते हैं. यहां देखते है कि कितने देशों के मुकाबले एलन मस्क की संपत्ति टिक पाती है. तो एआई ने फिर हमें सोच में डाल दिया. एआई ने बताया कि एलन मस्क की टोटल नेटवर्थ दुनिया के 172 देशों की जीडीपी से भी ज्यादा है. मस्क की संपत्ति अब सिंगापुर, न्यूजीलैंड, इजरायल और कतर जैसे अमीर और विकसित देशों की अर्थव्यवस्था को भी पार कर चुकी है. देशों की जीडीपी की बात करें तो मस्क की संपत्ति स्विट्जरलैंड ($1.15 ट्रिलियन लगभग बराबर), पोलैंड ($1.13 ट्रिलियन लगभग बराबर), ताइवान ($0.98 ट्रिलियन), आयरलैंड ($0.78 ट्रिलियन) इजरायल ($0.72 ट्रिलियन), अर्जेंटीना ($0.69 ट्रिलियन), संयुक्त अरब अमीरात ($0.62 ट्रिलियन) से कहीं आगे है.
भारत का कुल गेंहू प्रोडक्शन और मस्क के रुपये
एआई ने एक बियर्ड उदाहरण देते हुए बताया कि भारत में सालभर में जितना गेहूं पैदा होता है, मस्क के पास उसकी कीमत से ज्यादा संपत्ति मौजूद है.. भारत का सलाना गेहूं प्रोडक्शन करीब 110 से 115 मिलियन टन है. मस्क की संपत्ति को अगर भारतीय रुपये में बदला जाए तो ये नंबर 105.64 लाख करोड़ होता है. भारत में कुल गेंहू प्रोडक्शन (110 से 115 मिलियन टन) को रुपये में बदलने के लिए औसतन गेहूं की कीमत करीब 25 रुपये प्रति किलो लेते हैं, तो इसकी कुल कीमत लगभग 2.7 से 2.9 लाख करोड़ होती है.
दुनिया के हर इंसान को मस्क 8 हजार रुपये दे सकते हैं
स्पेसएक्स के आईपीओ की बंपर कामयाबी के बाद मस्क की संपत्ति का अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि वो दुनिया के करीब 8 अरब लोगों में हर एक को लगभग 8,000 रुपये दे सकते हैं. ऐसा करने में करीब 800 अरब डॉलर खर्च होंगे. इसके बाद भी उनके पास करीब 300 अरब डॉलर की संपत्ति बची होगी और वो फिर भी दुनिया के सबसे अमीर लोगों में सबसे ऊपर ही रहेंगे.
स्पेसएक्स के आईपीओ ने किया कमाल
मस्क की स्पेसएक्स कंपनी ने इस आईपीओ के जरिए करीब 55.56 करोड़ शेयर्स बेचे. इस कीमत पर स्पेसएक्स अमेरिका की 7वीं सबसे ज्यादा वैल्यू वाली कंपनी बन गई. मस्क की ही दूसरी कंपनी टेस्ला को स्पेसएक्स ने पिछाड़ दिया. आईपीओ साइज की बात करें तो इससे पहले दुनिया का सबसे बड़ा आईपीओ सऊदी अरामको का था, जिसकी वैल्यू 25.6 अरब डॉलर की थी. यानी स्पेसएक्स ने इसे भी करीब 3 गुने मार्जिन के साथ पीछे कर दिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं