सरकार ने देश का पहला E85 पेट्रोल मुंबई में लॉन्च कर दिया है. इसकी कीमत 91.18 रुपये प्रति लीटर रखी गई है. यानी अभी के समय में मुंबई में मिल रहे नॉर्मल पेट्रोल (111 रुपये प्रति लीटर) से करीब 20 रुपये सस्ता है. कुछ दिन पहले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने देश में 100 फीसदी इथेनॉल यानी E100 फ्यूल के नियमों को ऑफिशियली तौर पर मंजूरी दे दी थी. ऐसे में पंप पर लाइन लगाने से पहले ये जान लेना जरूरी है कि क्या ये फ्यूल आपकी गाड़ी के लिए बना है या नहीं.
E85 पेट्रोल का मतलब समझिए
सबसे पहले समझिए कि E85 पेट्रोल है क्या? दरअसल इस फ्यूल में 85% इथेनॉल और 15% पेट्रोल मिलाया जाता है. इथेनॉल आमतौर पर गन्ने और मक्के की फसलों से तैयार होने वाला एक बायो फ्यूल है. देश में सरकार प्रदूषण को कम करने और तेल पर से निर्भरता कम करने के लिए इथेनॉल ब्लेंडिंग पर तेजी से काम कर रही है.
क्या अपनी कार या बाइक में डलवा सकते हैं ये तेल?
अभी के समय में इस फ्यूल का इस्तेमाल अपनी मौजदूा कार या बाइक में नहीं किया जा सकता. पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार E85 पेट्रोल के इस्तेमाल के लिए फ्लेक्स फ्यूल इंजन होना जरूरी है. अभी के समय के वाहन ज्यादा से ज्यादा 20% इथेनॉल पर ही काम कर सकते हैं. अगर आपने अपनी सिंपल कार या बाइक में 85% इथेनॉल वाला तेल डाल दिया तो उसका इंजन और फ्यूल सिस्टम खराब हो सकता है.
देश में E85 के लिए कौन सी गाड़ियां तैयार हैं?
देश के मार्केट में अभी फ्लेक्स फ्यूल गाड़ियों के ऑप्शन बहुत कम हैं. कार सेगमेंट में मारुति सुजुकी वैगनआर बायो फ्लेक्स देश की पहली फ्लेक्स फ्यूल पैसेंजर कार है, जो E20 से लेकर E100 तक पर चल सकती है. हालांकि आम नागरिकों के लिए अभी इसकी सेल शुरू नहीं हुई है. वहीं दूसरी तरफ टू व्हीलर सेगमेंट में हीरो मोटोकॉर्प की पॉपुलर बाइक स्प्लेंडर प्लस फ्लेक्स फ्यूल और डीलक्स फ्लेक्स फ्यूल को मार्केट में जल्द ही लॉन्च किया जा सकता है.
सरकार का टारगेट है कि साल 2026 के आखिर तक देश में 500 और दिसंबर 2027 तक पूरे भारत में 5 हजार E85 फ्यूल स्टेशन खोले जाएं, जिससे जब कंपनियां नई फ्लेक्स फ्यूल गाड़ियां लाएं तो लोगों को फ्लेक्स तेल की कमी महसूस ना हो.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं