Hero MotoCorp Flex Fuel Bikes (HF Deluxe & Splendor Plus): देश की सबसे बड़ी टू-व्हीलर कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने मिडिल क्लास की नब्ज पकड़ते हुए अपनी दो सबसे पॉपुलर और 'माइलेज किंग' बाइक्स- Hero HF Deluxe और Hero Splendor Plus को फ्लेक्स-फ्यूल (E85) अवतार में लॉन्च कर दिया है. 3 जून को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने ये लॉन्च किया. फिर 5 जून को इंडियन ऑयल के रिटेल आउटलेट पर E85 फ्यूल भी लॉन्च किया. इसमें 15% पेट्रोल, जबकि 85% इथेनॉल होता है. इस मौके पर भी पेट्रोलियम मंत्री मौजूद रहे. उन्होंने बताया कि 500 पेट्रोल पंपों पर ये फ्यूल यानी E85 उपलब्ध होगा.
अब लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि पेट्रोल वाले बाइक की जगह अगर वो फ्लेक्स फ्यूल बाइक खरीदते हैं तो कितने पैसे बचेंगे. हीरो ने बताया है कि फ्लेक्स फ्यूल बाइक्स जुलाई से बाजार में उपलब्ध होंगे. हालांकि अभी कंपनी ने आधिकारिक रूप से फ्लेक्स फ्यूल वर्जन का माइलेज नहीं बताया है. लेकिन माना जा रहा है कि पेट्रोल वर्जन की तुलना में इसकी माइलेज 3 से 5 किलोमीटर/लीटर तक कम हो सकती है. ऑटो एक्सपर्ट्स भी अपनी रिपोर्ट्स में कुछ ऐसा ही अनुमान लगा रहे हैं.
पहले पेट्रोल Vs फ्लेक्स फ्यूल/E85 की तुलना
सबसे पहले यह समझ लीजिए कि आखिर बचत होगी कैसे. दिल्ली में जहां नॉर्मल पेट्रोल की कीमत 102 रुपये/लीटर है, वहीं E85 फ्लेक्स-फ्यूल की कीमत महज 82 रुपये प्रति लीटर है. यानी सीधे-सीधे 20 रुपये प्रति लीटर का बड़ा अंतर. हालांकि, इथेनॉल मिक्स होने के कारण फ्लेक्स फ्यूल में माइलेज कम (करीब 7 से 10%) मिलता है, लेकिन कम कीमत के आगे यह नुकसान बिल्कुल मामूली साबित होता है.

एक नजर में कीमत और माइलेज का पूरा हिसाब-किताब
अगर आप इन दोनों बाइक्स को खरीदने का मन बना रहे हैं, तो इनकी एक्स-शोरूम और ऑन-रोड कीमतों पर एक नजर डाल सकते हैं. यहां ये ध्यान रखना जरूरी है कि अगले महीने से बाजार में उतरने जा रही फ्लेक्स फ्यूल बाइक की ऑन रोड प्राइस अनुमानित हैं. वहीं पेट्रोल वर्जन की कीमतें भी अलग-अलग राज्यों में टैक्स, रजिस्ट्रेशन चार्जेस वगैरह के आधार पर अलग-अलग हो सकती हैं. इसलिए दिए गए आंकड़ों में बदलाव संभव है.
हर रोज बाइक से 50 किलोमीटर चलने वाला कितने पैसे बचा लेगा?
आइए, अब दोनों मॉडल्स के पेट्रोल बनाम फ्लेक्स फ्यूल के खर्च और बचत का पूरा गणित देखते हैं. ये कैलकुलेशन हमने सरकारी या प्राइवेट जॉब करने वाले या अपना बिजनेस करने वाले ऐसे व्यक्ति के लिए किया है, जो हर दिन करीब 50 किलोमीटर की रनिंग करता है.
साल के 365 दिनों में से हमने 52 दिन ये मानकर कम कर दिए हैं कि संडे/वीकेंड यानी रविवार को वो व्यक्ति बाइक नहीं चलाता है. यानी कि आखिर में टोटल कैलकुलेशन 313 वर्किंग डेज के आधार पर निकाला गया है. एक बार फिर ध्यान दिला दें कि ये कैलकुलेशन अनुमानों के आधार पर है और केवल इसे ही पक्का नहीं माना जाना चाहिए.

Hero HF Deluxe: खर्च कितना और बचत कितनी?
पेट्रोल वर्जन का खर्च (माइलेज: 70 किमी/लीटर)
- रोज की रनिंग: 50 किलोमीटर
- रोजाना पेट्रोल की खपत: 50 / 70 = 0.714 लीटर
- रोज का खर्च: 0.714 X ₹102 = ₹72.82
फ्लेक्स-फ्यूल (E85) वर्जन का खर्च (माइलेज: 65 किमी/लीटर)
- रोज की रनिंग: 50 किलोमीटर
- रोजाना ईंधन की खपत: 50 / 65 = 0.769 लीटर
- रोज का खर्च: 0.769 X ₹82 = ₹63.05
आपकी नेट बचत:
- हर दिन की बचत: ₹72.82 - ₹63.05 = ₹9.77
- हर महीने की बचत (26 वर्किंग डेज): ₹9.77 X 26 = ₹254
- सालभर की कुल बचत (313 वर्किंग डेज): ₹9.77 X 313 = ₹3,058

Hero Splendor Plus: खर्च कितना और बचत कितनी?
पेट्रोल वर्जन का खर्च (माइलेज: 65 किमी/लीटर)
- रोज की रनिंग: 50 किलोमीटर
- रोजाना पेट्रोल की खपत: 50 / 65 = 0.769 लीटर
- रोज का खर्च: 0.769 X ₹102 = ₹78.43
फ्लेक्स-फ्यूल (E85) वर्जन का खर्च (माइलेज: 62 किमी/लीटर)
- रोज की रनिंग: 50 किलोमीटर
- रोजाना ईंधन की खपत: 50 / 62 = 0.806 लीटर
- रोज का खर्च: 0.806 X ₹82 = ₹66.09
आपकी नेट बचत:
- हर दिन की बचत: ₹78.43 - ₹66.09 = ₹12.34
- हर महीने की बचत (26 वर्किंग डेज): ₹12.34 X 26 = ₹321
- सालभर की कुल बचत (313 वर्किंग डेज): ₹12.34 X 313 = ₹3,862
तो क्या फ्लेक्स फ्यूल बाइक चुनना फायदे का सौदा है?
जानकार बताते हैं कि व्यवहारिक तौर पर निश्चित रूप से पैसों की बचत होगी. हालांकि फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल्स की एक्स-शोरूम और ऑन-रोड कीमतें पेट्रोल मॉडल के मुकाबले थोड़ी ज्यादा हैं. खासकर स्प्लेंडर प्लस में. हो सकता है कि कम रनिंग के अनुसार, बचत बहुत ज्यादा न हो, लेकिन अगर आपकी डेली रनिंग ज्यादा है, तो यह लॉन्ग टर्म में एक बड़ा गेम-चेंजर साबित हो सकता है.
हर दिन 50 किलोमीटर चलने वाले कामकाजी लोग, डिलीवरी पार्टनर्स और डेली कम्यूटर्स सालभर में 3,000 रुपये से लेकर 3,800 रुपये तक बचा सकते हैं. इसके अलावा, इथेनॉल से चलने वाली ये गाड़ियां प्रदूषण भी कम फैलाती हैं.
ये भी पढ़ें: LPG Prices Hike: 642 रुपये का पड़ेगा एलपीजी सिलेंडर! जानिए किसे 45, किसे 66 और किसे 164 रुपये की पड़ रही 1 किलो गैस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं