अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम खत्म हो गया है. ट्रंप के इस ऐलान के साथ ही क्रूड ऑयल के भाव 5 फीसदी चढ़ गए. दुनिया, दोनों देशों के बीच शांतिवार्ता की उम्मीद कर रही थी और इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों देशों के बीच युद्धविराम खत्म होने का ऐलान कर दिया. अमेरिकी राष्ट्रपति के इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में हड़कंप मच गया है.
राष्ट्रपति ट्रंप ने एलान किया है कि ईरान के साथ हुआ युद्धविराम (Ceasefire) अब आधिकारिक रूप से खत्म हो चुका है. इस घोषणा के तुरंत बाद वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में 5 फीसदी से ज्यादा की भारी तेजी दर्ज की गई है.
78 डॉलर के पार पहुंचा ब्रेंट क्रूड
ट्रंप का बयान के आते ही अंतरराष्ट्रीय मानक माने जाने वाले ब्रेंट नॉर्थ सी क्रूड (Brent Crude) की कीमत 5.3 प्रतिशत उछलकर 78.09 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई. वहीं, अमेरिकी कच्चे तेल का मुख्य कॉन्ट्रैक्ट, वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट (WTI), 5.4 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74.23 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया.
मिडल ईस्ट में बढ़ा तनाव
यह ताजा संकट हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में जहाजों पर हुए हमलों के बाद शुरू हुआ है. इसके जवाब में अमेरिका ने ईरान पर बड़े हवाई हमले किए, जिसके बाद खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर भी जवाबी हमले किए गए. इस बढ़ते सैन्य तनाव और युद्धविराम खत्म होने के फैसले ने दुनिया भर के ऊर्जा बाजार को चिंता में डाल दिया है, जिससे आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें और बढ़ने की आशंका है.
ये भी पढ़ें: PF के ब्याज पर गुड न्यूज, 34 करोड़ EPF खाताधारकों को इस तारीख तक मिल जाएंगे 1.44 लाख करोड़ रुपये
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
