मिडिल ईस्ट में पाकिस्तान की दखलअंदाजी को लेकर पहले से ही अमेरिका का एक धड़ा सशंकित है. इस बीच प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के एक बयान ने नाराजगी और बढ़ा दी है. ईरान के दिवंगत सुप्रीम लीडर आयतुल्ला खामेनेई को 'ग्रेट स्कॉलर' और तेहरान को 'पाकिस्तान का भाई' बताने पर अमेरिकी सीनेटर यानी सांसद रिक स्कॉट ने सख्त ऐतराज जताया है. उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि पाकिस्तान ख्याल रखे कि हमारी उन पर पूरी नजर है.
अमेरिकी रिपब्लिकन सीनेटर रिक स्कॉट ने एक्स पर पाकिस्तान को चेताया. शरीफ के टीवी पर प्रसारित बयान को शेयर करते हुए उन्होंने कहा, "दुनिया को पाकिस्तान की असली पहचान नहीं भूलनी चाहिए. पाकिस्तान वही देश है, जहां अल-कायदा का सरगना ओसामा बिन लादेन कई सालों तक छिपकर रहा. ये वही देश है जिसने ईशनिंदा के आरोप में ईसाइयों की हत्या की."
पाकिस्तान की तरफ से क्या कहा गया था?
फ्लोरिडा के सीनेटर की एक्स पर यह टिप्पणी तब आई है जब मारे गए ईरान के सुप्रीम लीडर की तारीफ करते हुए शहबाज शरीफ का एक वीडियो वायरल हुआ. मेमरी टीवी द्वारा शेयर किए गए वीडियो में शरीफ ने खामेनेई को महान विद्वान और नेता बताया. शरीफ इस वायरल क्लिप में खामेनेई को महान विद्वान बता रहे हैं. उन्होंने कहा, "वह एक महान विद्वान और नेता थे, जिन्होंने मजबूती, हिम्मत, सब्र और दूरदर्शिता दिखाई और पूरी लगन और अटूट निष्ठा के साथ ईरान की सेवा की. दुनिया भर के लाखों मुसलमान उन्हें याद रखेंगे."
उन्होंने आगे कहा, "पाकिस्तान और ईरान भाई जैसे देश हैं और हमारे दिल एक साथ धड़कते हैं. हम साथ खड़े रहेंगे और हर हालात में साथ मिलकर आगे बढ़ेंगे." यह पहली बार नहीं है जब अमेरिकी सांसदों ने पाकिस्तान की भूमिका को लेकर आशंका जाहिर की हो. ट्रंप के करीबी सहयोगी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने भी सोशल मीडिया और कांग्रेस की सुनवाई के दौरान अपनी चिंताएं जाहिर की थीं. उन्होंने मई में एक्स पोस्ट में कहा था कि पाकिस्तान भरोसे लायक मध्यस्थ नहीं है.
इससे पहले भी जब उपराष्ट्रपति वेंस ने स्विट्जरलैंड में कहा था कि पाकिस्तान से प्यार करते हैं, तो रिक स्कॉट ने ऐसा ही बयान दिया था. उन्होंने तब एक्स पर लिखा था कि कतर और पाकिस्तान का आतंकवादियों को पनाह देने का लंबा इतिहास रहा है और इस समय वे सार्थक शांति स्थापित करने के बजाय ईरान के दशकों पुराने आतंकवादी अभियान को सहारा देने में कहीं अधिक रुचि रखते दिखाई देते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं