- मुंबई में CNG की कीमतों में 29 मई से 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई, दाम 86 रुपये प्रति किलो हो गए हैं
- मुंबई-एमएमआर क्षेत्र में पिछली बार 14 मई को CNG की कीमतों में 2 रुपये का इजाफा किया गया था
- दिल्ली में CNG की कीमत 83.09 रुपये प्रति किलो है, जो मुंबई की तुलना में 1 रुपये सस्ती है
CNG Price Hike: मिडिल-ईस्ट संघर्ष के बीच CNG की कीमतों में एक बार फिर से इजाफा किया गया है. इस बार सीएनजी की कीमत 2 रुपये बढ़ाई गई है, हालांकि ये बढ़ोतरी मुंबई के लिए है. मुंबई में CNG एक बार फिर से महंगी हो गई है. दामों में₹2 प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है. मुंबई और आसपास के इलाकों में CNG उपभोक्ताओं को अब ज्यादा कीमत चुकानी होगी. CNG के खुदरा कीमतों में ₹2 प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है.
मुंबई में CNG का नया दाम क्या है?
CNG की बढ़ी हुई नई दरें 29 मई 2026 की मध्यरात्रि से लागू हो गई हैं. कीमत बढ़ने के बाद CNG की खुदरा कीमत 84 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 86 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है. CNG की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का असर निजी वाहन चालकों, टैक्सी, ऑटो रिक्शा और व्यावसायिक वाहनों पर पड़ सकता है. कंपनी की ओर से जारी सूचना में सभी डीलरों को संशोधित दरों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं.
मुंबई में 17 दिन में 2 बार बढ़े CNG के दाम
मुंबई-MMR में 14 मई को CNG के दाम 2 रुपये बढ़ाए गए थे. जिसके बाद इसकी कीमत 82 रुपये से बढ़ाकर 84 रुपये कर दी गई थी. 17 दिनों बाद एक बार फिर से दामों में 2 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. मुंबई में अब सीएनजी की कीमत 86 रुपये प्रति किलो हो गई है, इसे ऑटो, कैब वालों के लिए खासतौर पर बड़ा झटका माना जा रहा है. लगातार बढ़ती लागत और बाजार की परिस्थितियों के चलते दरों में यह बढ़ोतरी की गई है.मिडिल ईस्ट तनाव के चलते जारी ऊर्जा संकट के बीच आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है.
मुंबई में दिल्ली से कितनी महंगी है CNG?
दिल्ली में फिलहाल CNG 83.09 रुपये/किलोग्राम मिल रही है. मुंबई में मौजूदा कीमत 84 रुपये हो गई है, यानी कि मुंबई में सीएनजी दिल्ली के मुकाबले 1 रुपये महंगी है.जबकि नोएडा और गाजियाबाद में अब भी CNG मुंबई के मुकाबले 7 रुपये महंगी है.
दिल्ली में CNG कितने रुपये किलो?
बता दें कि दिल्ली में पेट्रोल-डीजल के बाद CNG के दाम 26 मई को 2 रुपये बढ़ाए गए थे. जिसके बाद दिल्ली में सीएनजी की कीमत 81.09 रुपये से बढ़कर अब 83.09 रुपये किलो हो गई थी. वहीं नोएडा और गाजियाबाद में CNG के दाम 89.70 रुपये से बढ़कर 91.70 रुपये प्रति किलो हो गए हैं. दिल्ली में 10 दिन में 4 बार बढ़ CNG के दाम बढ़ाए जा चुके हैं.
CNG महंगी होने से किसको ज्यादा परेशानी?
CNG महंगी होने के बाद ऑटो और कैब के किराए में थोड़ी बढ़ोतरी होने की आशंका जताई जा रही है. मुंबई में ऑटो चालक और दिल्ली समेत कई शहरों में कैब चालक कीमत बढ़ाने की मांग कर चुके हैं. सीएनजी की कीमतें बढ़ने का असर खासकर आम लोगों, कैब ऑपरेटरों और ऑटो-रिक्शा चालकों पर सीधे तौर पर देखने को मिलेगा. इसके अलावा, माल ढुलाई की लागत भी बढ़ जाती है, जिससे रोजमर्रा की चीजों की खुदरा कीमतें भी बढ़ जाती हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं