MGL hikes CNG Price: महाराष्ट्र में पुणे के बाद अब मुंबई और MMR यानी आसपास के इलाकों में CNG महंगी हो गई है. मुंबई और आसपास के इलाकों में CNG से गाड़ी चलाना अब महंगा होने जा रहा है. महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने शनिवार को CNG के दाम 1.50 रुपये प्रति किलो बढ़ा दिए हैं. नई कीमतें रविवार, 15 नवंबर से लागू होगी. इस बढ़ोतरी के साथ मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) और आसपास के इलाकों में CNG अब 91.50 रुपये प्रति किलो मिलेगी.
इस साल जनवरी की शुरुआत में सीएनजी की कीमत 80.50 रुपये प्रति किलो थी. ताजा बढ़ोतरी के बाद अब तक इसमें कुल 11 रुपये प्रति किलो का इजाफा हो चुका है. यानी 11 महीने से भी कम समय में सीएनजी करीब 14% महंगी हो गई है.
इसका सीधा असर ऑटो और टैक्सी चालकों के साथ उन लोगों पर भी पड़ेगा, जो अपनी कार CNG से चलाते हैं. फ्यूल पर उनका मासिक खर्च बढ़ने वाला है.
क्यों बढ़ाए गए CNG के दाम?
MGL के मुताबिक, गैस की खरीद लागत बढ़ने की वजह से कीमतों में इजाफा करना पड़ा है. कंपनी ने कहा कि मिडिल ईस्ट में जारी संकट, घरेलू गैस आवंटन में कमी और महंगी आयातित गैस पर बढ़ती निर्भरता से उसकी लागत बढ़ी है.
कंपनी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय कीमतों से जुड़े आयातित री-गैसीफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस (RLNG) की हिस्सेदारी बढ़ने से खास तौर पर सीएनजी की खरीद लागत पर दबाव आया है. इसकी एक वजह सीएनजी की मजबूत मांग भी है.
MGL ने कहा कि कीमतों में ताजा बढ़ोतरी से गैस की बढ़ती लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचाया जा सकेगा. इससे सीएनजी की लगातार और स्थिर आपूर्ति बनाए रखने में मदद मिलेगी.
कंपनी का कहना है कि वह लागत घटाने के विकल्पों पर भी काम कर रही है, ताकि ग्राहकों को इसका फायदा दिया जा सके और स्वच्छ ईंधन के रूप में प्राकृतिक गैस के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलता रहे.
इस साल 8 बार बढ़े CNG के दाम
MGL ने इस साल अब तक आठ बार सीएनजी की कीमतें बढ़ाई हैं. जनवरी में 80.50 रुपये प्रति किलो से शुरू हुई कीमत अब 91.50 रुपये पर पहुंच गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं