- संसद में विपक्षी नेता छात्रों पर लाठीचार्ज जैसे मुद्दों पर गृह मंत्री अमित शाह से जवाब की मांग कर रहे हैं
- बीजेपी नेताओं का आरोप है कि राहुल सदन में चर्चा से भाग रहे हैं जबकि अमित शाह विस्तार से जवाब देने को तैयार हैं
- यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतंत्र में बहस से प्रतिष्ठा बढ़ती है, भागने से नहीं
संसद का मानसून सत्र लगातार विपक्ष के हंगामे की भेंट चढ़ रहा है. राहुल गांधी समेत तमाम विपक्षी नेता छात्रों पर लाठीचार्ज समेत कई मुद्दों पर सदन में गृह मंत्री अमित शाह के जवाब की मांग पर अड़े हैं. वहीं एनडीए नेता राहुल गांधी पर चर्चा से भागने का आरोप लगा रहे हैं. बीजेपी नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी खुद चर्चा से भाग रहे हैं, जब कि गृह मंत्री डिटेल में जवाब देने के लिए तैयार हैं. इसे लेकर बीजेपी नेताओं ने अपने एक्स अकाउंट पर हैशटैग 'राहुल भागना नहीं' कैंपेन भी चलाया है.
''बहस से प्रतिष्ठा बढ़ती है, भागने से नहीं'
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि लोकतंत्र प्रश्न पूछने की स्वतंत्रता देता है, तो उत्तर सुनने का दायित्व भी निर्धारित करता है. गृहमंत्री अमित शाह छात्रों से जुड़े विषय पर सदन में विस्तारपूर्वक अपना पक्ष रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. कांग्रेस और समूचे विपक्ष से अपेक्षा है कि तथ्यों का सामना करे, सदन की गरिमा बनाए रखे और उत्तर को पूरा सुनें. उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र में बहस से प्रतिष्ठा बढ़ती है, भागने से नहीं.
लोकतंत्र प्रश्न पूछने की स्वतंत्रता देता है, तो उत्तर सुनने का दायित्व भी निर्धारित करता है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 11, 2026
माननीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah जी विद्यार्थियों से जुड़े विषय पर सदन में विस्तारपूर्वक अपना पक्ष रखने के लिए पूर्णतः तैयार हैं। कांग्रेस और समूचे विपक्ष से अपेक्षा है कि…
'राहुल गांधी भागना नहीं, डरना भी नहीं'
वहीं किरण रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी चर्चा से भाग नहीं सकते उनको गृह मंत्री जी का सामना करना होगा. विपक्ष की मांग पर रिजिजू ने कहा कि उन्होंने लोकसभा में सरकार की तरफ से बहुत ही साफ शब्दों में कहा है कि राहुल गांधी कई दिनों से गृह मंत्री का जवाब मांग रहे हैं.वह बार-बार कह रहे हैं कि शाह को सदन में स्टेटमेंट देना चाहिए. अब जब सरकार तैयार है, गृह मंत्री अमित शाह पूरी घटनाओं का बहुत ही डिटेल में जवाब देने के लिए तैयार हैं. लेकिन राहुल गांधी भाग रहे हैं. रिजिजू ने राहुल गांधी से कहा कि भागना नहीं है और डरना भी नहीं है.
विपक्ष की तीन मांगें क्या हैं?
- छात्रों पर हुई कार्रवाई के मुद्दे पर गृह मंत्री सदन में जवाब दें
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस घटना के लिए माफी मांगें
- अयोध्या के राम मंदिर से चंदा चोरी के आरोपों पर संसद में चर्चा हो
छात्रों पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया?
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि विपक्ष अपनी तीनों मांगों पर कायम है और गृह मंत्री अमित शाह को स्पष्ट करना चाहिए कि 20 जुलाई को प्रदर्शनकारी छात्रों पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया था. राहुल ने कहा कि विपक्ष की मांग यह नहीं थी कि शाह सदन में आकर किसी सामान्य विषय पर बोलें, बल्कि उनसे छात्रों पर कार्रवाई के संबंध में स्पष्ट जवाब मांगा जा रहा है.
ये भी पढ़ें-एनडीए के 'मंगल मिलन' में पीएम नरेंद्र मोदी ने लहाराया तिरंगा, वंदे मातरम् के लगे नारे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं