Apple Price Hike: टेक कंपनी एप्पल ने बीते दिन अपने कई पॉपुलर प्रोडक्ट्स की कीमतों में इजाफा कर दिया. भारत के साथ दुनियाभर में एप्पल के गैजेट्स 14% से लेकर 42% तक महंगे हो गए हैं. इतना ही नहीं कुछ प्रीमियम मॉडल्स पर 1 लाख रुपये का प्राइस हाइक हुआ है. कंपनी ने अपनी इन बढ़ोतरी को लेकर कहा कि ये कदम उठाना उसकी मजबूरी थी. लेकिन आखिर ऐसा क्या हुआ कि एकदम से एप्पल को अपने दाम इतने बढ़ाने पड़े.चलिए इस खबर में इसके पीछे का पूरा गणित समझने की कोशिश करते हैं.

क्यों एप्पल ने बढ़ाए दाम?
इन बढ़े दामों के पीछे कोई टैक्स या फिर डॉलर का उतार-चढ़ाल नहीं है. बल्कि इसके पीछे की वजह एआई है. दरअसल आज पूरी दुनिया में एआई निवेश को लेकर एक रेस सी लगी हुई है. कई दिग्गज कंपनियां नए एआई टूल्स के साथ डेटा सेंटर्स बना रही हैं. इन डेटा सेंटर्स को चलाने के लिए हाई क्वालिटी मेमोरी चिप्स और स्टोरेज की जरूरत होती है. इसी को देखते हुए मार्केट में चिप बनाने वाली कंपनियां, जिसमें माइक्रोन, सैमसंग शामिल हैं, नॉर्मल प्रोडक्ट्स बनाने के बजाय एआई चिप बनाने वाली कंपनी एनवीडिया को ज्यादा ऑर्डर्स दे रही हैं. नतीजन नॉर्मल लैपटॉप और टैबलेट में यूज होने वाली मेमोरी चिप्स की कमी हो गई और कीमतें आसमान पर पहुंच गईं.
एप्पल ने कहा भी कि इससे पहले उन्होंने किसी कंपोनेंट की कीमत इतनी जल्दी ऊपर जाते हुए नहीं देखा. डिमांड ज्यादा है और सप्लाई कम है. इसलिए यहां समीकरण बिगड़ रहा है.
बढ़े हुए दामों को लेकर क्या बोले एक्सपर्ट?
विभावंगल अनुकूलकारा प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर सिद्धार्थ मौर्य ने बताया कि, मॉर्डन एआई पावर्ड गैजेट्स के लिए रैम, तेज स्टोरेज और ऐसे एडवांस्ड प्रोसेसर की जरूरत होती है जो सीधे डिवाइस पर ही बड़े AI मॉडल चला सकें. इन प्रीमियम कंपोनेंट्स की डिमांड ना सिर्फ स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनियों से बल्कि डेटा सेंटर्स और बड़े कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने वाली एआई कंपनियों से भी बढ़ी है.
भारत में अब कितने का मिलेगा कौन सा मॉडल?
एप्पल इंडिया की वेबसाइट पर नई कीमतें अपडेट हो चुकी हैं. मैकबुक नियो एप्पल का सबसे सस्ता लैपटॉप है. अब इसकी कीमत 69,900 रुपये के बदले 79,900 रुपये हो गई है. वहीं, मैकबुक एयर एम5 की कीमत 1,20,000 से बढ़कर सीधे 1,49,900 रुपये हो गई है. इसके अलावा मैकबुक नियो प्रो एम5 मैक्स सुपर प्रीमियम लैपटॉप की कीमत में 1 लाख रुपये का इजाफा हुआ है. अब ये 4,99,900 रुपये का हो गया है.
आईपैड स्टूडेंट्स के बीच में काफी पॉपुलर है. इसकी कीमतों में भी 10 हजार रुपये का इजाफा हुआ है. ये अब 39,900 रुपये के बजाय 49,900 रुपये में मिल रहा है. होमपोड मिनी, छोटे स्मार्ट स्पीकर पर 46% का इजाफा हुआ है. ये 10,900 रुपये से बढ़कर 15,900 रुपये में मिल रहा है. इतना ही नहीं एप्पल टीवी 4k की कीमत 14,900 रुपये बढ़कर 25,900 रुपये हो गई है.
हालांकि, कंपनी ने आईफोन यूजर्स को राहत दी है. एप्पल के सबसे बड़े रेवेन्यू सोर्स आईफोन को फिलहाल इस महंगाई के झटके से दूर रखा है. यानी आईफोन और एप्पल वॉच की कीमतों में कोई भी बदलाव नहीं हुआ है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं