जब बात भारत के सबसे प्रतिष्ठित बिजनेस घरानों की आती है, तो सबसे ऊपर चमकने वाले नामों में 'बिड़ला' भी एक बड़ा नाम है. वही, जिनके आदित्य बिड़ला समूह (Aditya Birla Group) का दुनियाभर में नाम है. इस ग्रुप के मौजूदा चेयरमैन हैं- कुमार मंगलम बिड़ला (Kumar Mangalam Birla). वे इस औद्योगिक घराने की चौथी पीढ़ी माने जाते हैं. और पांचवीं पीढ़ी में आती हैं- उनकी लाडली बेटी अनन्या बिड़ला (Ananya Birla). कहने को 'सिल्वर स्पून' के साथ यानी अरबपति फैमिली में पैदा होने के बावजूद अनन्या ने पिता और फैमिली बिजनेस से हटके अपना एक अलग मुकाम बनाया है. अनन्या न केवल अपने बिजनेस विजन बल्कि अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए भी खूब चर्चा में रहती हैं.

विदेश से पढ़ाई और संगीत का जुनून
अनन्या बिड़ला की शुरुआती पढ़ाई मुंबई में हुई, फिर उन्होंने इकोनॉमिक्स और मैनेजमेंट की पढ़ाई के लिए ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया था. उनके अंदर म्यूजिक को लेकर एक अलग ही जुनून था और संगीत का सपना पूरा करने के लिए उन्होंने बीच में अपनी पढ़ाई छोड़ दी.

वो एक अंतरराष्ट्रीय लेवल की पॉप सिंगर रही हैं. उनका अंग्रेजी सिंगल सॉन्ग 'मेन्ट टू बी' भारत में प्लैटिनम सर्टिफिकेट पाने वाला पहला अंग्रेजी गाना बना था. बड़ी बात ये भी है कि वो विश्वप्रसिद्ध संगीतकार AR रहमान के साथ भी म्यूजिक (Hindustani Way) कर चुकी हैं. उनके कई गाने ग्लोबल चार्टबस्टर रहे हैं. हालांकि अब वो बिजनेस पर फोकस कर रही है.

462 करोड़ के प्राइवेट जेट में सफर, कई लग्जरी कारें
अनन्या की सोशल मीडिया प्रोफाइल उनकी बेहद आलीशान जिंदगी की गवाह है. अनन्या की फैमिली के पास एक बेहद प्रीमियम गल्फस्ट्रीम G550 (Gulfstream G550) प्राइवेट जेट है, जिसकी कीमत करीब 462 करोड़ रुपये बताई जाती है. जेट के भीतर की तस्वीरें किसी महल से कम नहीं लगतीं. इसके अलावा उनके बेड़े में सेसना साइटेशन (Cessna Citation) जैसे विमान भी शामिल हैं. अनन्या बिड़ला अक्सर अपने बिजनेस दौरों, अंतरराष्ट्रीय यात्राओं और छुट्टियों के लिए इसी प्राइवेट जेट नेटवर्क का उपयोग करती हैं.

अनन्या बिड़ला के लग्जरी कार कलेक्शन की बात करें तो इसमें लैंबोर्गिनी (Lamborghini Huracan), पॉर्शे (Porsche 718 Boxster Spyder, Porsche Cayenne), मसर्डिीज (Mercedes-Maybach S560), रेंज रोवर (Range Rover Vogue) और BMW जैसी कंपनियों की कारें हैं.

बिजनेस में भी बनाया खुद का मुकाम
महज 17 साल की उम्र में अनन्या ने 'स्वतंत्र माइक्रोफिन' (Svatantra Microfin) नाम की कंपनी शुरू की थी, जो ग्रामीण महिलाओं को लोन देने का काम करती है. इसके अलावा, उन्होंने लग्जरी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म की भी शुरुआत की. ब्यूटी और पर्सनल केयर (BPC) बाजार में कदम रखते हुए उन्होंने बिरला कॉस्मेटिक्स प्राइवेट लिमिटेड लॉन्च किया.

यही नहीं, अपनी मां के साथ मिलकर उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य (Mental Health) पहल एमपावर (Mpower) की शुरुआत की, जो मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने और थैरेपी देने का काम करती है.

अनन्या बिड़ला परिवार की वो लाडली हैं, जो अपनी पर्सनल लाइफ और प्रोफेशनल लाइफ को अच्छे से मैनेज कर रही है. बिड़ला परिवार की पहली पीढ़ी सेठ शिव नारायण बिड़ला के बाद बलदेव दास बिड़ला और घनश्याम दास बिड़ला ने बिजनेस को एक बड़ा मुकाम दिया. इस औद्योगिक विस्तार के नजरिए से देखा जाए तो कुमार मंगलम बिड़ला को परिवार की चौथी पीढ़ी कहा जाता है. अगली पीढ़ी में उनके बच्चे अनन्या बिड़ला, आर्यमन विक्रम बिड़ला और अद्वैतेशा बिड़ला आते हैं.
ये भी पढ़ें: लंदन में नया भारत! क्यों ब्रिटिश धरती पर दिल खोलकर पैसा लुटा रहे हैं भारतीय रईस?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
