विज्ञापन

₹22,000 करोड़ के भारी नुकसान के बाद वापसी की तैयारी में एयर इंडिया, 600 विमानों और नए CEO के दम पर फिर भरेगी उड़ान

एयर इंडिया को मार्च 2026 में खत्म हुए वित्त वर्ष में ₹22,000 करोड़ से ज्यादा का घाटा हुआ. इसके बावजूद बोर्ड को करीब 600 विमानों का ऑर्डर, 100 से ज्यादा विमानों का रेट्रोफिट और नए CEO के नेतृत्व से वापसी की उम्मीद है.

₹22,000 करोड़ के भारी नुकसान के बाद वापसी की तैयारी में एयर इंडिया, 600 विमानों और नए CEO के दम पर फिर भरेगी उड़ान
Air India Turnaround Plan: घाटे के बीच भी 'रफ्तार' पकड़ने की तैयारी में एयर इंडिया
NDTV इंडिया

₹22,000 करोड़ से ज्यादा के भारी घाटे के बावजूद एयर इंडिया अपनी वापसी की तैयारी में जुटी है. एयरलाइन के बोर्ड का मानना है कि यह नुकसान सिर्फ कंपनी के कामकाज की कमजोरी का नतीजा नहीं, बल्कि कई बड़े बाहरी झटकों के कारण हुआ है. ऐसे में एयर इंडिया के बदलाव की योजना को रोकने के बजाय बोर्ड इसे पूरा करने पर जोर दे रहा है. करीब 600 विमानों के ऑर्डर, 100 से ज्यादा विमानों को नए सिरे से तैयार करने की योजना और नए CEO के नेतृत्व से एयरलाइन को मजबूत बनाने की उम्मीद है.

₹22,000 करोड़ के घाटे पर बोर्ड ने क्या कहा?

एयर इंडिया के स्वतंत्र निदेशक संजीव मेहता ने मुंबई में JRD टाटा की 122वीं जयंती के कार्यक्रम में कहा कि मार्च 2026 में खत्म हुए वित्त वर्ष में एयरलाइन को 22,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का घाटा हुआ. उन्होंने कहा कि इतने बड़े आंकड़े पर सवाल उठना स्वाभाविक है और बोर्ड इस तरह की समीक्षा का स्वागत करता है.हालांकि, मेहता के मुताबिक इस साल के नतीजों को समझने के लिए उन असाधारण हालात को भी देखना जरूरी है, जिनका एयरलाइन को सामना करना पड़ा.

इन 3 बड़े झटकों ने बढ़ाई एयरलाइन की मुश्किल

संजीव मेहता ने एयर इंडिया के घाटे के पीछे तीन बड़े कारण बताए. इनमें AI 171 विमान हादसा, भारतीय एयरलाइंस के लिए पाकिस्तान का एयरस्पेस बंद होना और ईरान-अमेरिका युद्ध के कारण ATF की कीमतों में उछाल शामिल हैं.

पाकिस्तान का एयरस्पेस बंद होने से भारतीय एयरलाइंस की कई उड़ानों का रास्ता लंबा हो गया. इससे ईंधन की खपत, उड़ान का समय और ऑपरेशनल खर्च बढ़ा. मेहता ने कहा कि पश्चिमी देशों की प्रतिस्पर्धी एयरलाइंस पर इसका वैसा असर नहीं पड़ता.वहीं, ईरान युद्ध के बाद तेल की कीमतों में तेजी ने एयर इंडिया के ईंधन खर्च को और बढ़ा दिया. कंपनी पहले से ही बदलाव की योजना और ऑपरेशन पर भारी खर्च कर रही थी.

600 विमानों का ऑर्डर, 100 से ज्यादा विमान होंगे अपग्रेड

एयर इंडिया का बदलाव तीन अहम चीजों पर टिका है. सोच, बेहतर क्षमता और मजबूत संगठन. मेहता के मुताबिक, एयरलाइन को लंबे समय तक प्रतिस्पर्धा में बने रहने के लिए आधुनिक विमान, बेहतर प्रोडक्ट और कामकाज के मजबूत तरीके अपनाने होंगे.

एयर इंडिया ने करीब 600 विमानों का ऑर्डर दिया है और 100 से ज्यादा विमानों को रेट्रोफिट करने की योजना पर काम कर रही है. इसका मकसद एडवांस और कम फ्यूल खर्च करने वाले विमानों का बेड़ा तैयार करना है, जिससे एयरलाइन दुनिया की बड़ी कंपनियों से मुकाबला कर सके.

नए CEO से बोर्ड को बड़ी उम्मीद

नए CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर टेवोल्डे गेब्रेमरियम से भी बोर्ड को काफी उम्मीदें हैं. वह एक दशक से ज्यादा समय तक इथियोपियन एयरलाइंस का नेतृत्व कर चुके हैं. मेहता ने कहा कि टेवोल्डे का अनुभव एयर इंडिया के लिए अहम समय पर काम आएगा. उनकी सुरक्षा, ऑपरेशनल अनुशासन, खर्च कम करने और बिजनेस को बेहतर तरीके से चलाने पर मजबूत पकड़ है. बोर्ड का मानना है कि सही लीडरशिप, बेहतर कामकाज, खर्च पर नियंत्रण और मजबूत टीम के साथ एयर इंडिया बदलाव की इस योजना को पूरा कर लंबे समय तक टिकाऊ स्थिति में पहुंच सकती है.

यह भी पढ़ें | IPO से पहले शेयरों की ट्रेडिंग के लिया अलग एक्सचेंज लाने की तैयारी, SEBI चीफ ने खुद बताया पूरा प्लान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Air India Loss, Air India Turnaround, Air India Turnoaround Plan, Air India New CEO, Air India New Aircraft
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com