विज्ञापन

Adani Total Gas की इनकम जून तिमाही में 27 प्रतिशत बढ़ी, 133 करोड़ का हुआ मुनाफा

तिमाही के दौरान ATGL ने अपने वितरण नेटवर्क का विस्तार जारी रखते हुए पांच नए CNG स्टेशन जोड़े, जिससे कुल स्टेशनों की संख्या बढ़कर 707 हो गई.

Adani Total Gas की इनकम जून तिमाही में 27 प्रतिशत बढ़ी, 133 करोड़ का हुआ मुनाफा
Adani Total Gas Q1 Result

अदाणी ग्रुप से जुड़े कारोबार अदाणी टोटल गैस लिमिटेड (ATGL) ने मंगलवार (21 जुलाई) को वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही के नतीजे जारी किए हैं. इस दौरान कंपनी की स्टैंडअलोन इनकम सालाना आधार पर 27 प्रतिशत बढ़कर 1,910 करोड़ रुपए हो गई है. वहीं, कंपनी का मुनाफा 133 करोड़ रुपए रहा है.  मजबूत मुनाफे के साथ कंपनी ने वित्त वर्ष 27 की जून तिमाही में 281 करोड़ रुपए का EBITDA दर्ज किया है.

कंपनी ने कहा कि चालू तिमाही के दौरान उसका परिचालन प्रदर्शन मजबूत रहा. स्टैंडअलोन आधार पर सीएनजी और पीएनजी की संयुक्त बिक्री मात्रा सालाना आधार पर 13 प्रतिशत बढ़कर 303 मिलियन मीट्रिक स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (MMSCM) रही.

बिक्री 13 प्रतिशत और आय 27 प्रतिशत बढ़ी

वित्तीय प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए ATGL के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) संजय पंडिता ने कहा कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में एक बार फिर मजबूत प्रदर्शन किया. परिचालन की मजबूती और स्वच्छ ईंधन के प्रति उपभोक्ताओं की बढ़ती पसंद के चलते बिक्री मात्रा में सालाना आधार पर 13 प्रतिशत और आय में 27 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई.

उन्होंने कहा, "तिमाही के दौरान कारोबारी माहौल चुनौतीपूर्ण बना रहा. प्राकृतिक गैस की ऊंची कीमतें, ब्रेंट क्रूड के बढ़े हुए दाम, मुद्रा विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों ने वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर नकारात्मक असर डाला."

पंडिता ने कहा, "इन परिस्थितियों ने सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) उद्योग की गैस सोर्सिंग रणनीति पर दबाव बनाया. इसके बावजूद हमारा ध्यान गैस आपूर्ति की निरंतरता बनाए रखने, परिचालन दक्षता बढ़ाने, सीएनजी और पीएनजी उपभोक्ताओं को अनावश्यक जोखिमों से बचाने तथा ग्राहकों और हितधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजित करने पर केंद्रित रहा."

ATGL के नेटवर्क का कहां-कहां विस्तार 

तिमाही के दौरान ATGL ने अपने वितरण नेटवर्क का विस्तार जारी रखते हुए पांच नए CNG स्टेशन जोड़े, जिससे कुल स्टेशनों की संख्या बढ़कर 707 हो गई. कंपनी ने 38,243 नए PNG घरेलू कनेक्शन भी जोड़े, जिससे कुल घरेलू कनेक्शनों की संख्या बढ़कर 11.41 लाख हो गई. औद्योगिक और वाणिज्यिक ग्राहकों की संख्या 448 बढ़कर 10,422 हो गई, जबकि स्टील पाइपलाइन नेटवर्क की कुल लंबाई बढ़कर लगभग 15,987 इंच-किलोमीटर पहुंच गई.

अपने संयुक्त उपक्रम इंडियनऑयल-अदाणी गैस प्राइवेट लिमिटेड (IOAGPL) को शामिल करने पर कंपनी की देशव्यापी मौजूदगी में भी लगातार विस्तार हुआ. संयुक्त आधार पर CNG और PNG की बिक्री मात्रा सालाना आधार पर 13 प्रतिशत बढ़कर 496 MMSCM रही. छह नए सीएनजी स्टेशन जुड़ने के बाद कुल नेटवर्क बढ़कर 1,167 सीएनजी स्टेशनों तक पहुंच गया.

कंपनी के संयुक्त नेटवर्क में PNG घरेलू कनेक्शनों की संख्या 13.75 लाख के पार पहुंच गई, जिससे प्रतिदिन 60 लाख से अधिक लोगों को गैस आपूर्ति की जा रही है. औद्योगिक और वाणिज्यिक ग्राहकों की संख्या 788 नए उपभोक्ताओं के जुड़ने से बढ़कर 12,326 हो गई, जबकि स्टील पाइपलाइन नेटवर्क की कुल लंबाई बढ़कर 28,675 इंच-किलोमीटर तक पहुंच गई.

यह भी पढ़ेंः Maruti Suzuki ने गाड़ियों की कीमत 30000 रुपये तक बढ़ाया, जानें नई कीमत लागू होने की तारीख

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Adani Group, Adani Total Gas, ATGL, ATGL Profit, Adani Total Gas Profit
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com