India's Largest Data Centre: देश के डिजिटल फ्यूचर को एक नई दिशा देने के लिए अदाणी ग्रुप और गूगल ने साझेदारी का ऐलान किया है. अदाणी एंटरप्राइजेज की ज्वाइंट वेंचर कंपनी अडानीकनेक्स (AdaniConneX) और गूगल मिलकर आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में भारत का सबसे बड़ा एआई (AI) डेटा सेंटर कैंपस बनाने जा रहे हैं.
ये सिर्फ पार्टनरशिप नहीं है, बल्कि भारत को दुनिया का एआई पावरहाउस बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है. इस प्रोजेक्ट के जरिए गूगल अगले पांच सालों 2026 से 2030 में करीब 15 बिलियन डॉलर यानी करीब 1.25 लाख करोड़ रुपये का बड़ा निवेश करेगा.
विशाखापट्टनम बनेगा ग्लोबल टेक हब
विशाखापट्टनम में बनने वाला ये गूगल एआई हब (Google AI Hub) ना केवल भारत का सबसे बड़ा डेटा सेंटर होगा, बल्कि ये गीगावाट स्केल की कैपेसिटी वाला होगा. ये हब देश में एआई से जुड़े बड़े कामों, डेटा प्रोसेसिंग और क्लाउड कंप्यूटिंग को पूरा करेगा. इस प्रोजेक्ट को हकीकत में बदलने के लिए अदाणीकनेक्स गूगल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगा.
ग्रीन एनर्जी से चलेगा फ्यूचर
इस पार्टनरशिप की सबसे बड़ी खासियत ये है कि इसमें पर्यावरण का खास ध्यान रखा गया है. डेटा सेंटरों को बिजली देने के लिए आंध्र प्रदेश में नई ट्रांसमिशन लाइनें बनाई जाएंगी. इसके लिए सौर और पवन ऊर्जा का इस्तेमाल किया जाएगा. साथ ही, बिजली को सेफ रखने के लिए हाई लेवल स्टोरेज सिस्टम भी लगाए जाएंगे. इससे डेटा सेंटर धीरे‑धीरे नेट‑जीरो टारगेट की तरफ बढ़ेंगे, यानी पर्यावरण को कम से कम नुकसान होगा. साथ ही, इससे भारत का बिजली ग्रिड भी ज्यादा मजबूत बनेगा.
गौतम अदाणी और थॉमस कुरियन का विजन
अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा, "अदाणी ग्रुप को गूगल के साथ इस ऐतिहासिक परियोजना में साझेदारी करने पर गर्व है, जो भारत के डिजिटल भविष्य को तय करेगी. ये सिर्फ ढांचा बनाने में निवेश नहीं है, बल्कि आगे बढ़ते भारत की असली ताकत में निवेश है. ये साझेदारी देश के विकास को लेकर हमारी साझा सोच और हर भारतीय को 21वीं सदी की तकनीक से जोड़ने की हमारी प्रतिबद्धता को दिखाती है. विशाखापत्तनम अब टेक्नोलॉजी का एक बड़ा ग्लोबल हब बनने जा रहा है और इस सफर का हिस्सा बनकर हमें बहुत खुशी हो रही है."
गूगल क्लाउड के सीईओ थॉमस कुरियन ने कहा कि, "एआई के इस नए दौर में भारत की पूरी क्षमता को सामने लाने के लिए गूगल, गूगल एआई हब में निवेश कर रहा है. उन्होंने कहा कि अदाणी ग्रुप के साथ मिलकर गूगल अपनी आधुनिक तकनीक और सुविधाएं लोगों और कंपनियों के और करीब पहुंचाएगा. इससे उन्हें नए आइडिया लाने, इनोवेशन करने और आगे बढ़ने में मदद मिलेगी."
क्या है अदाणीकनेक्स?
अदाणीकनेक्स, अदाणी एंटरप्राइजेज और एजकनेक्स (EdgeConneX) के बीच ज्वाइंट वेंचर है. इसका टारगेट भारत में 1 गीगावाट कैपेसिटी का डेटा सेंटर प्लेटफॉर्म तैयार करना है. अदाणी ग्रुप की इंफ्रा में एक्सपर्टीज और गूगल की टेक्नोलॉजी पावर भारत को ग्लोबल एआई मैप पर टॉप पर ले जाने के लिए तैयार हैं.
नए रोजगार की आएगी लहर
ये प्रोजेक्ट तकनीक में बड़ा बदलाव लाएगा और स्थानीय लोगों के लिए भी बहुत फायदेमंद होगा. इससे विशाखापट्टनम और पूरे आंध्र प्रदेश में नए रोजगार पैदा होंगे. कुल मिलाकर, ये प्रोजेक्ट लोगों की इनकम बढ़ाने और एआई सेक्टर की अर्थव्यवस्था मजबूत करने में मदद करेगा.
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं