Adani Green Q1 Results: अदाणी समूह की रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (AGEL) ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1 FY27) के नतीजे घोषित कर दिए हैं. कंपनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी ऑपरेशनल कैपेसिटी (परिचालन क्षमता) में साल-दर-साल (YoY) 27 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की है, जिसके दम पर कंपनी का अब तक का सबसे बड़ा ऑल-टाइम रिकॉर्ड तिमाही EBITDA 4,122 करोड़ रुपये के लेवल पर पहुंच गया है. बिजली की बढ़ती मांग, नए प्रोजेक्ट्स के चालू होने और रिकॉर्ड एनर्जी सेल्स (ऊर्जा बिक्री) ने कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन को जोरदार मजबूती दी है.
कैपेसिटी 20,142 MW के पार, बिक्री में 30% का उछाल
स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, जून तिमाही के दौरान अदाणी ग्रीन एनर्जी का रिजल्ट शानदार रहा है. साथ ही कंपनी की ग्रोथ भी दमदार रही. कंपनी की कुल परिचालन रिन्यूएबल क्षमता बढ़कर 20,142 मेगावॉट (MW) हो गई है, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 27% अधिक है. इस तिमाही (अप्रैल-जून) के दौरान कंपनी ने 848 मेगावॉट की नई क्षमता जोड़ी, जबकि पिछले एक साल में कुल ग्रीनफील्ड क्षमता विस्तार 4,327 मेगावॉट रहा. देश में बिजली की बढ़ती मांग के बीच कंपनी की ऊर्जा बिक्री साल-दर-साल 30% बढ़कर 13,657 मिलियन यूनिट पर पहुंच गई.
रेवेन्यू, मार्जिन और कैश प्रॉफिट में बंपर उछाल
क्षमता विस्तार के कारण कंपनी ने अब तक की सबसे बड़ी तिमाही कमाई दर्ज की है:
- पावर सप्लाई से रेवेन्यू: बिजली आपूर्ति से मिलने वाला राजस्व 29% बढ़कर 4,280 करोड़ हो गया.
- रिकॉर्ड EBITDA: पावर सप्लाई से EBITDA 33% की बढ़त के साथ 4,122 करोड़ के ऑल-टाइम हाई स्तर पर पहुंच गया.
- EBITDA मार्जिन: कंपनी का EBITDA मार्जिन सुधरकर 94% हो गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में 93% था.
- कैश प्रॉफिट: अप्रैल-जून अवधि के दौरान कंपनी का कैश प्रॉफिट (नकद लाभ) 28% बढ़कर ₹2,225 करोड़ रहा.
भविष्य की ऊर्जा जरूरतों के लिए तैयार: CEO
नतीजों पर टिप्पणी करते हुए अदाणी ग्रीन एनर्जी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) आशीष खन्ना ने कहा, 'अदाणी ग्रीन एनर्जी ने मजबूत गति के साथ वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत की है. अनुशासित निष्पादन के कारण ही हम 20 GW परिचालन क्षमता का मील का पत्थर पार करने में सफल रहे हैं, जिसका सीधा फायदा भारत में बढ़ती बिजली मांग से मिला है.'
उन्होंने आगे कहा, 'अपनी रिन्यूएबल जनरेशन पोर्टफोलियो और पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज (Pumped Hydro Storage) जैसी तकनीकों के साथ हम एक लचीला, मजबूत और भविष्य के लिए तैयार राउंड-द-क्लॉक (24x7) रिन्यूएबल इकोसिस्टम बना रहे हैं. यह भारत के एनर्जी ट्रांजिशन को गति देने के साथ-साथ दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करेगा.'
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं