AC Prices Hike: देश के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है. ऐसे मौसम में एयर कंडीशनर अब लग्जरी नहीं बल्कि हर घर की जरूरत बन गया है. लेकिन इसी बीच गर्मी से राहत के लिए AC खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों को बड़ा झटका लग सकता है. आने वाले महीनों में एयर कंडीशनर के दाम फिर बढ़ सकते हैं. आइए जानते हैं AC के रेट कब और कितने बढ़ सकते हैं और इससे कंपनी की सेल्स से लेकर आम ग्राहकों की खरीदारी पर क्या असर होगा...
AC कंपनियां कितनी बढ़ा सकती हैं कीमतें?
Blue Star के MD बी. थियागराजन के मुताबिक, कंपनियों को इस वित्त वर्ष में कम से कम 8% तक और कीमतें बढ़ानी पड़ सकती हैं. कंपनी अब तक करीब 5% से 8% तक दाम बढ़ा चुकी है, लेकिन लागत का दबाव अभी भी बना हुआ है.उनका कहना है कि मुनाफा बचाने के लिए और कीमत बढ़ाना जरूरी हो गया है.
आखिर AC महंगा क्यों हो रहा?
AC बनाने में इस्तेमाल होने वाला तांबा, प्लास्टिक और पेट्रोलियम से जुड़े कई पुर्जों की लागत तेजी से बढ़ी है. इसके अलावा डॉलर के मुकाबले कमजोर होते रुपये ने आयात खर्च भी बढ़ा दिया है.कंपनियों का कहना है कि हर हफ्ते कच्चे माल और एक्सचेंज रेट से जुड़ी नई चुनौतियां सामने आ रही हैं, जिसकी वजह से कीमत बढ़ाने के अलावा ज्यादा विकल्प नहीं बच रहा.
कब बढ़ सकते हैं दाम?
कंपनी के मुताबिक, कीमतों में बढ़ोतरी एक साथ नहीं की जाएगी. मई और जून तक करीब 5% की बढ़ोतरी की जा सकती है. इसके बाद त्योहारों के सीजन से पहले करीब 3% और बढ़ोतरी की जरूरत पड़ सकती है.यानी अगर आप नया AC खरीदने की सोच रहे हैं, तो आने वाले महीनों में ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है.
गर्मी में बढ़ी मांग, लेकिन बिक्री उम्मीद से कम
भीषण गर्मी के बावजूद कंपनियों की शुरुआती बिक्री उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. कई डीलरों ने पहले से ज्यादा स्टॉक जमा कर लिया था क्योंकि उन्हें पहले ही दाम बढ़ने और न्यू एनर्जी एफिशिएंसी रूल लागू होने की आशंका थी.हालांकि अब बाजार में बिक्री की रफ्तार सुधर रही है, लेकिन कंपनियों का कहना है कि स्थिति अभी भी बेहतर नहीं है.
क्या महंगा AC खरीदने से पीछे हटेंगे मिडिल क्लास ग्राहक?
कंपनियों को इस बात का भी डर है कि अगर दाम लगातार बढ़ते रहे तो ग्राहक खर्च कम कर सकते हैं. खासतौर पर मिडिल क्लास ग्राहकों के लिए बार-बार बढ़ती कीमतें परेशानी बढ़ा सकती हैं.बी. थियागराजन के मुताबिक कन्ज्यूमर दोबारा इतनी बड़ी कीमत वृद्धि आसानी से स्वीकार नहीं करेंगे और इससे मांग पर असर पड़ सकता है.
किन कंपनियों पर रहेगी नजर?
गर्मी के सीजन में अब निवेशकों और ग्राहकों की नजर Blue Star, Voltas, Havells और दूसरी कंज्यूमर ड्यूरेबल कंपनियों पर बनी रहेगी कि वे आगे कितनी कीमतें बढ़ाती हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं