8 years ago
नई दिल्ली:
कर्नाटक की जनता ने राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं देने का फैसला किया है. ना तो बीजेपी को और ना ही कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलने जा रहा है. आठ एक्जिट पोल के औसत से यही बात निकलकर सामने आ रही है. पोल ऑफ एक्जिट पोल के अनुसार 224 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी 98 सीटें जीतेगी जबकि कांग्रेस 89 सीटों जीत दर्ज करेगी. यहां सरकार बनाने के लिए 113 सीटें जीतना आवश्यक है. पोल ऑफ एक्जिट पोल के अनुसार पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा की जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) 31 सीटें मिलेंगी और अगर त्रिशंकु विधानसभा हुई तो सरकार बनाने में उनका रोल अहम होगा. वोटों की गिनती मंगलवार 15 मई को होगी. NDTV के पोल ऑफ एक्जिट पोल के अनुसार कर्नाटक में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर है जबकि जेडीएस किंगमेकर के रूप में उभरती दिख रही है. पोल ऑफ एक्जिट पोल के अनुसार राज्य में त्रिशंकु विधानसभा के आसार हैं जिसमें बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर रही है. शनिवार को मतदान समाप्त हो चुका है और 70 फीसदी मतदाताओं ने इस बार अपने मताधिकार का प्रयोग किया जबकि पिछले चुनाव में 72 फीसदी वोटिंग हुई थी. एक ही चरण में संपन्न हुए चुनाव में राज्य की 224 में से 222 सीटों के लिए वोट डाले गए. यहां कांग्रेस, बीजेपी और जेडीएस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है. सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को यहां बीजेपी की तरफ कड़ी टक्कर मिली रही है जहां बीजेपी सत्ता में वापसी की उम्मीद कर रही है. कर्नाटक ही दक्षिण भारत का एकमात्र राज्य है जहां बीजेपी शासन कर चुकी है.
अपना क़िला बचा पाएगी कांग्रेस?
अपना क़िला बचा पाएगी कांग्रेस?