8 years ago
नई दिल्ली:
एशिया कप (Asia Cup) के फाइनल में टीम इंडिया और बांग्लादेश के बीच मैच जारी है. लिटन दास की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत बांग्लादेश ने 8वें ओवर की कुछ गेदें शेष रहते ही 50 रन पूरे कर लिए हैं. लिटन दास ने यजुवेंद्र चहल के एक ही ओवर में दो छक्के लगाए हैं. भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है. बांग्लादेश के लिये यह तीसरा मौका है जब वह इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है. भारत और बांग्लादेश के बीच मैचों के आंकड़ों पर ध्यान दें तो टीम इंडिया का पलड़ा भारी है. दोनों के बीच 34 मैच हुए हैं जिसमें 28 मैच भारत ने जीते हैं जबकि 5 मैचों में बांग्लादेश ने भी पलटवार किया है और एक मैच टाई रहा. साल 2010 से अब तक 15 मैच हुए हैं जिसमें 11 मैच टीम इंडिया ने और 3 मैच बांग्लदेश ने जीते हैं. कागजों पर भारत अब भी रिकार्ड सातवीं बार खिताब जीतने का प्रबल दावेदार है जबकि बांग्लादेश को उम्मीद होगी कि खिताबी मुकाबले में तीसरी बार भाग्य उसका साथ देगा. हालांकि बांग्लादेश के लिये अपने प्रमुख खिलाड़ियों का चोटिल होना चिंता का विषय है. सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल हाथ में फ्रैक्चर के कारण पहले ही बाहर हो गये थे और अब आलराउंडर शाकिब अल हसन भी उंगली की चोट की वजह से फाइनल में नहीं खेल पाएंगे. उन्हें आपरेशन करवाना पड़ सकता है जिससे वह जिम्बाब्वे के खिलाफ 30 सितंबर से होने वाली घरेलू श्रृंखला में भी नहीं खेल पाएंगे. भारत के लिये हालांकि यह दूसरी तरह की परीक्षा है. अपने सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और कप्तान विराट कोहली के बिना एशिया कप जीतना अगले साल होने वाले विश्व कप से पहले बड़ी उपलब्धि होगी. यही नहीं इससे टीम का इंग्लैंड के हाथों टेस्ट श्रृंखला में 1-4 से मिली हार का दर्द भी कम होगा.