- बिहार पुलिस पर रोशन यादव की हिरासत में मौत को लेकर गंभीर आरोप और कार्यशैली पर सवाल उठाए जा रहे हैं.
- राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने रोशन के परिजनों से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.
- तेजस्वी यादव ने रोशन के शरीर पर चोट के निशान और पुलिस द्वारा प्रताड़ना देने के आरोप लगाए हैं.
भरत तिवारी एनकाउंटर केस के बाद अब बिहार पुलिस रोशन यादव मौत मामले में बुरी तरह से घिरती नजर आ रही है. विपक्ष के नेता रोशन के परिजनों से मिलकर पुलिस पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं. बीती रात राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने रोशन के परिजनों से मुलाकात की. इसके बाद उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराध बढ़ रहा है और पुलिस की कार्यशैली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी बिहार को किसी भी कीमत पर ‘पुलिस स्टेट' नहीं बनने देगी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी.
10 अगस्त को मधुबनी जेल में फंदे से लटका मिला था रोशन
तेजस्वी यादव मधुबनी जेल में 10 अगस्त को कथित तौर पर फंदे से लटके मिले 19 वर्षीय रोशन यादव के परिजनों से मुलाकात करने पहुंचे. जेल प्रशासन के अनुसार, रोशन ने जेल के भीतर आत्महत्या की थी. हालांकि, तेजस्वी यादव ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि रोशन की हत्या की गई हो सकती है. उन्होंने कहा कि मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं.
हिरासत में प्रताड़ित किया, बिजली के झटके दिएः तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने कहा कि रोशन यादव को 27 मई को आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल भेजा गया था. बाद में उसकी रिहाई हुई, लेकिन उसे फिर गिरफ्तार कर लिया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि युवक को बेरहमी से पीटा गया और कई दिनों तक पुलिस हिरासत में प्रताड़ित किया गया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उसे बिजली के झटके दिए गए.
मधुबनी में पुलिस अभिरक्षा में ही पुलिस द्वारा रौशन यादव की
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) August 20, 2026
निर्मम हत्या कर दी गयी। आज पीड़ित परिवार से मिलकर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त की और परिजनों का दुख-दर्द सांझा किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय श्री @laluprasadrjd जी की ओर से पीड़ित परिवार को 1.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता… pic.twitter.com/xWr19FNRUG
'मामला गंभीर, निष्पक्ष जांच होनी चाहिए'
राजद नेता ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार से मिलने का उद्देश्य पूरे मामले की जानकारी लेना और प्रशासन से जवाब मांगना है. उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय दिलाने के लिए पार्टी हरसंभव कदम उठाएगी.
हम बिहार को पुलिस स्टेट नहीं बनने देंगेः तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने कहा, “बिहार को पुलिस स्टेट बनाया जा रहा है. पुलिस ने जिस तरह से एक 19 साल के लड़के के साथ अमानवीय व्यवहार किया, वह गंभीर चिंता का विषय है. हम बिहार को पुलिस स्टेट नहीं बनने देंगे.” उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री और सरकार पर भी निशाना साधा.
जब अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति प्रदेश का मुख्यमंत्री बन जाए!
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) August 20, 2026
जब पुलिस रक्षक की बजाय भक्षक बन जेल में हत्याएं करने लग जाए!
जब न्याय की कहीं कोई उम्मीद ना बचे और सरकार अपनी जिम्मेदारियों से भागने लगे तब जनता के पास सड़क पर उतर निकम्मी सरकार से सवाल पूछने के अलावा कोई विकल्प नहीं… pic.twitter.com/ZZLji7LxrA
कानून-व्यवस्था संभालने में सरकार विफलः राजद
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार के अलग-अलग जिलों में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं और अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है. उन्होंने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है. तेजस्वी यादव इससे पहले हाजीपुर पहुंचे जहां विगत दिनों पूर्व स्व. रामनरेश राय की हत्या अपराधियों द्वारा गोली मारकर कर दिया गया था. आज नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने पीड़ित परिवार से आवास पर जाकर मुलाकात की.
प्रशांत किशोर ने भी परिजनों से मिलकर उठाए थे सवाल
मालूम हो कि इससे पहले जन सुराज के नेता और बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर ने भी रोशन यादव के परिजनों से मुलाकात की थी. प्रशांत किशोर ने भी पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए थे. भरत तिवारी एनकाउंटर केस के बाद अब रोशन यादव की हिरासत में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मामले में बिहार पुलिस की कार्यशैली सवालों के घेरे में है.
यह भी पढे़ं - पटना मार्च: 'सत्ता में कोई हमेशा नहीं रहता, सबका हिसाब होगा', हिरासत में लिए जाने के बाद बोले तेजस्वी यादव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं