- तेजस्वी के घर मां से मिले तेजप्रताप
- कहा-पत्नी ऐश्वर्या से सभी रिश्ते खत्म
- कहा-भाई तेजस्वी को बनाएंगे सीएम
बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) नए साल के मौके पर मंगलवार को अपने भाई तेजस्वी यादव (Tejaswi Yadav) के सरकारी आवास पर जाकर अपनी मां यानी पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी (Rabri Devi) से मिले और उनका आर्शीवाद लिया. मां से भेंट करने के बाद तेजप्रताप ने अपनी पत्नी ऐश्वर्या (Aishwarya Rai) से सारे रिश्ते-नाते खत्म करने की बात दोहराई. वहीं उन्होंने कहा कि मां उनके हर फैसले के साथ हैं. तेजप्रताप दोपहर में पटना के पांच देशरत्न मार्ग स्थित आवास पर पहुंचे, जहां उनकी राबड़ी से मुलाकात हुई. मां से मुलाकात करने के बाद आवास से बाहर निकले तेजप्रताप भावुक हो गए.
यह भी पढ़ें: तेजप्रताप यादव ने माना, घर दिलाने में नीतीश कुमार ने की मदद, कहा- उनसे मेरे व्यक्तिगत संबंध
जनता दरबार में बिहार के अलग - अलग हिस्सों से आये लोगों के समस्याओं को सुना एवं समस्याओं के तत्काल निवारण के लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। pic.twitter.com/uhiXduEGFK
— Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) December 31, 2018
उन्होंने बाहर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि इतने दिनों के बाद कोई भी अपनी मां से मिलेगा तो भावुक तो हो ही जाएगा. मां तो मां होती है. ऐश्वर्या से तलाक संबंधी एक प्रश्न पर तेजप्रताप ने कहा, 'उसके (ऐश्वर्या) परिवार वालों से मेरा सभी रिश्ता-नाता समाप्त हो गया. उनलोगों ने मेरे साथ क्या व्यवहार किया है, यह मैं बता नहीं सकता. ऐश्वर्या के परिवार वालों ने मेरे पीछे सीआईडी (जासूस) छोड़वा दिया है. खैर, इससे कुछ होना-जाना नहीं है. मैंने अदालत में सारी बातें बता दी हैं.'
तेजप्रताप ने एक बार फिर तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाए जाने की बात दोहराई. बता दें कि तेजप्रताप ने अपनी पत्नी ऐश्वर्या से तलाक लेने के लिए पटना की एक अदालत में अर्जी दी है. इसके बाद से वह अपने घर नहीं जा रहे हैं. इस बीच हालांकि एक रिश्तेदार के विवाह समारोह में तेजप्रताप की अपनी मां से मुलाकात जरूर हुई थी.
यह भी पढ़ें: तेजप्रताप यादव बोले- जल्द दिल्ली जाकर लालू प्रसाद की रिहाई के लिए करूंगा प्रबंध
बता दें कि तेज प्रताप और ऐश्वर्या की शादी पिछले साल 12 मई को पटना में ही हुई थी. ऐश्वर्या और लालू के परिवार की ओर से तेजप्रताप को मनाने की कोशिशें की गईं, लेकिन अभी तक बात नहीं बन सकी है.
VIDEO: जब साइकिल चलाते वक्त बीच सड़क पर गिरे तेज प्रताप यादव
(इनपुट: IANS)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं