विज्ञापन
This Article is From Jun 02, 2018

शत्रुघ्न सिन्हा का नीतीश पर तंज, विशेष दर्जे की मांग को 'घड़ियाली आंसू' बताया

भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बिहार के लिए विशेष दर्जे की मांग को आज बकवास करार दिया. उन्होंने आम चुनावों से पहले इसे महज 'घड़ियाली आंसू' बताया.

शत्रुघ्न सिन्हा का नीतीश पर तंज, विशेष दर्जे की मांग को 'घड़ियाली आंसू' बताया
पटना साहिब से बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा.
  • शत्रुघ्न सिन्हा ने नीतीश कुमार पर कसा तंज
  • बोले-विशेष दर्जे की मांग महज 'घड़ियाली आंसू'
  • शत्रुघ्न सिन्हा पटना साहिब से बीजेपी सांसद हैं
पटना: भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बिहार के लिए विशेष दर्जे की मांग को आज बकवास करार दिया. उन्होंने आम चुनावों से पहले इसे महज 'घड़ियाली आंसू' बताया. बिहार के लिए विशेष राज्य के दर्जे की मांग जेडीयू और उनकी अपनी पार्टी के अलावा लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) जैसी सहयोगी पार्टियों द्वारा उठाई जा रही है.

यह भी पढ़ें : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बोले, बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिल सकता, जानिये क्या है वजह

शत्रुघ्न सिन्हा ने कई ट्वीट कर आरोप लगाया कि बिहार में 'प्रदर्शन से ज्यादा प्रचार पर जोर है', जहां राजग करीब एक साल के लिए ही सत्ता में रहने वाली है. शत्रुघ्न सिन्हा पटना साहिब सीट से सांसद हैं और वह काफी समय से भाजपा नेतृत्व के आलोचक रहे हैं. उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के 'मित्रों' अब काम शुरू कर दो वरना 'अर्जुन' सत्ता हथियाने को तैयार है, क्योंकि तेजस्वी यादव की चुनौती अब उनके दरवाजे पर दस्तक दे रही है.

VIDEO : आंध्र प्रदेश के बाद बिहार से भी उठी विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग


शत्रुघ्न सिन्हा ने ट्वीट किया, 'जैसे-जैसे आम चुनाव दस्तक देना शुरू कर रहे हैं वैसे वैसे घड़ियाली आंसू गिरने शुरू हो गए हैं और नाटक फिर शुरू हो गया है. बिहार में सत्तारूढ़ गठबंधन (राजग) केंद्र की अपनी ही राजग सरकार से राज्य के लिए एक बार फिर विशेष दर्जे की मांग कर रहा है और वह भी खुलेआम.'

सिन्हा की यह टिप्पणी मुख्यमंत्री एवं जेडीयू प्रमुख नीतीश कुमार की उस हालिया टिप्पणी की पृष्ठभूमि में आई है, जिसमें कुमार ने बिहार के लिए एक बार फिर विशेष राज्य के दर्जे की मांग की थी और संकेत दिया था कि यह मांग 15वें वित्त आयोग के समक्ष रखी जाएगी. उनकी मांग का उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी एवं केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान ने भी समर्थन किया. पासवान लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रमुख हैं.

(इनपुट : भाषा)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shatrughan Sinha, Special Status
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com