- सोनपुर की सरिता हत्याकांड में पुलिस ने दो अन्य आरोपियों के घर कुर्की नोटिस चस्पा किया गया है.
- सत्येंद्र की मां दुलारी देवी और महिला मित्र रीना देवी का नाम एफआईआर में है, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हुई है.
- पुलिस ने जगदीशपुर गांव में दोनों फरार आरोपियों की सूचना देने के लिए लोगों से अपील भी की है.
सोनपुर की सरिता हत्याकांड के मुख्य आरोपी सत्येंद्र की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अब दो अन्य आरोपियों के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया है. ढोल नगाड़े के साथ सोनपुर के हरिहरनाथ थाने की पुलिस वैशाली के करताहां थाना इलाका स्थित जगदीशपुर गांव पहुंची, जहां मुख्य आरोपी सत्येंद्र के घर पर नोटिस चस्पा किया गया. वहीं गांव की ही एक अन्य महिला रीना देवी के घर पर भी नोटिस चस्पा किया गया. साथ ही गांव के लोगों से आरोपियों की सूचना देने की भी अपील की.
दरअसल, इस हत्याकांड में सत्येंद्र की मां दुलारी देवी और सत्येंद्र की महिला मित्र रीना देवी का नाम भी प्राथमिकी में दर्ज है. हालांकि इस हत्याकांड में अभी तक मुख्य आरोपी सत्येंद्र और दरोगा संतोष रजक सहित 6 लोगो की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन सत्येंद्र की मां दुलारी और रीना की गिरफ्तारी नहीं हुई है. इसे लेकर यह कार्रवाई की गई है.

पुलिस को सूचना देने की अपील
करताहां थाने के साथ सोनपुर के हरिहरनाथ थाने की पुलिस जगदीशपुर गांव पहुंची, जहां पर पुलिसकर्मियों ने फरार दोनों आरोपियों की सूचना पुलिस को देने की अपील भी की.
बताया जा रहा है कि फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. अगर दोनों सरेंडर नहीं करती हैं तो पुलिस घर की कुर्की करेगी.

ये भी पढ़ें: बिहार की बिटिया को इंसाफ दिलाने सड़कों पर उतरे लोग, जहानाबाद में निकाला गया कैंडल मार्च
सरिता के घर के बाहर फेंका था शव
बता दें कि 15 जनवरी की आधी रात के बाद सत्येंद्र ने अपनी पत्नी सरिता की हत्या कर शव को दरोगा संतोष रजक की स्कॉर्पियो गाड़ी से हरिहरनाथ थाना इलाके स्थित सरिता के घर के बाहर फेंक दिया था. यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी. इस मामले का खुलासा होने के बाद सारण पुलिस ने एसआईटी का गठन किया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं