विज्ञापन

मटन बोलकर चिकन खिलाया तो जंग का मैदान बना शादी समारोह, दूल्हे के चाचा सहित 6 बाराती घायल, VIDEO

बिहार के सहरसा जिले में एक शादी समारोह में मटन-चिकन को लेकर भारी बवाल मचा. यहां मटन बोलकर चिकन परोसे जाने से शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें बाराती पक्ष के 6 लोग घायल हो गए.

मटन बोलकर चिकन खिलाया तो जंग का मैदान बना शादी समारोह, दूल्हे के चाचा सहित 6 बाराती घायल, VIDEO
  • शादी समारोह में बाराती पक्ष को मटन खिलाने का वादा किया गया था, लेकिन परोस दिया गया चिकन.
  • जिसके बाद शादी समारोह जंग का मैदान बन गया. तू-तू, मैं-मैं होते-होते ऐसी मारपीट शुरू हुई कि 6 लोग घायल हो गए.
  • मामला बिहार के सहरसा जिले का है. शादी समारोह में मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
सहरसा:

शादी समारोह में बाराती पक्ष को मटन खिलाने का वादा किया गया था, लेकिन परोस दिया गया चिकन. जिसके बाद शादी समारोह जंग का मैदान बन गया. तू-तू, मैं-मैं होते-होते ऐसी मारपीट शुरू हुई कि दूल्हे के चाचा सहित 6 लोग घायल हो गए. मामला बिहार के सहरसा जिले का है. जहां बीते दिनों एक शादी समारोह में मटन-चिकन के नाम पर हुई लड़ाई का वीडियो वायरल हो रहा है. दरअसल सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर में निकाह के बाद भोज में 'खस्सी' (मटन) की जगह 'मुर्गा' (चिकन) परोसे जाने को लेकर ऐसा विवाद बढ़ा कि बाराती और शराती आपस में भिड़ गए.

देखते ही देखते खुशियों का माहौल हंगामे और मारपीट में बदल गया. इस हिंसक झड़प में दूल्हा पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोग जख्मी हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर में भर्ती कराया गया है.

सिमरी बख्तियारपुर से महिषी गई थी बारात

जानकारी के अनुसार सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद के वार्ड नंबर 12, बलवापार के रहने वाले मो. अनवर के पुत्र मो. अब्दुल्ला उर्फ चांद का निकाह महिषी प्रखंड के राजनपुर निवासी मो. जावेद उर्फ मोटो की बेटी से तय हुआ था. गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे निकाह की रस्में बेहद शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुईं.

खाने के टेबल पर शुरू हुआ असली ड्रामा

असली ड्रामा तब शुरू हुआ जब निकाह के बाद सभी बाराती खाना खाने के लिए टेबल पर बैठ गए. दूल्हा पक्ष का आरोप है कि उन्हें शादी के मेन्यू में 'खस्सी' का मांस खिलाने की बात कही गई थी, लेकिन जब थाली सामने आई तो उसमें 'मुर्गा' परोसा जा रहा था. इसी बात को लेकर मेहमानों और मेजबानों के बीच बहस शुरू हो गई.

लात-घूंसे के साथ-साथ तलवार भी लहराई

खाने के मेन्यू को लेकर शुरू हुई तू-तू, मैं-मैं देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गई. दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे और तलवार व लाठी-डंडा चलने लगे. इस मारपीट में दूल्हे की तरफ से बाराती आए कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जिनकी पहचान मो. आशिक, मो. इरफान, मो. हसन, मो. अब्बास, मो. जब्बार, मो. आतिफ और मो. महबूब के रूप में हुई, ये सभी बलवापार वार्ड नंबर 12 के निवासी हैं.

यह भी पढे़ं - निकाह के चंद घंटे बाद 3 तलाक, लेग पीस को लेकर भिड़े घराती-बाराती, नाराज दूल्हे ने जयमाला स्टेज से तोड़ा रिश्ता

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mutton Chicken Wedding Fight, Saharsa, Saharsa News, Wedding Video, Wedding Dispute
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com