विज्ञापन

मुंगेर में पकड़ा गया भ्रष्ट पेशकार, विजिलेंस टीम ने 170000 रुपये घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा

विजिलेंस टीम की छापेमारी से मुंगेर में हड़कंप मच गया है. विजिलेंस टीम ने जिले में पहली बार भ्रष्टाचार मामले में सरकारी कर्मचारी को ट्रैप कर घूस के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.

मुंगेर में पकड़ा गया भ्रष्ट पेशकार, विजिलेंस टीम ने 170000 रुपये घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा
विजिलेंस टीम के शिकंजे में फंसा पेशकार
Bihar News:

बिहार में घूसखोर कर्मचारियों और अधिकारियों पर निगरानी टीम (Vigilance Team) लगातार कार्रवाई कर रही है. निगरानी टीम की ताबड़तोड़ कार्रवाई से सरकारी महकमों में हड़कंप है. हालांकि विजिलेंस की कार्रवाई के बवाजूद कुछ ऐसे सरकारी सेवक हैं जो भ्रष्टाचार करने में लिप्त है. ताजा मामला मुंगेर जिले से आया है. भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलते हुए निगरानी विभाग की टीम ने गुरुवार (2 अप्रैल) को मुंगेर में अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई को अंजाम दिया है.

मुंगेर में पहली बार निगरानी टीम की ट्रैप कार्रवाई

विभाग की विशेष टीम ने प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में छापामारी कर वहां तैनात पेशकार मुकेश कुमार को 170000 रुपये की मोटी रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. मुंगेर जिले के इतिहास में निगरानी विभाग द्वारा की गई यह पहली 'ट्रैप' कार्रवाई बताई जा रही है, जिसने न केवल प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है बल्कि भ्रष्ट अधिकारियों के बीच भी दहशत का माहौल पैदा कर दिया है.

3 साल से भी ज्यादा समय से एक ही पद पर जमा था पेशकार

मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार पेशकार मुकेश कुमार पिछले 3 वर्षों से अधिक समय से इसी महत्वपूर्ण पद पर जमा हुआ था. पूरा मामला जमीन से जुड़े एक विवादित कोर्ट केस से संबंधित है, जो प्रमंडलीय आयुक्त की अदालत में विचाराधीन था. आरोप है कि मुकेश कुमार इस केस के एक पक्षकार से काम के बदले भारी भरकम राशि की मांग कर रहा था. परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की, जिसके बाद विभाग ने मामले की गोपनीयता से जांच कराई और जाल बिछाया.

पेशकार को रंगे हाथ घूस के साथ दबोचा

गुरुवार को जैसे ही पीड़ित ने मुकेश कुमार को तयशुदा रकम थमाई, कार्यालय परिसर के आसपास सादे लिबास में तैनात निगरानी के अधिकारियों ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया. अचानक हुई इस छापामारी से प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई और कर्मियों के बीच सन्नाटा पसर गया. निगरानी की टीम आरोपी पेशकार को अपने साथ पटना ले गई है, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है. इस सफल कार्रवाई ने सरकारी दफ्तरों में फैले भ्रष्टाचार के सिंडिकेट पर गहरा प्रहार किया है.

यह भी पढ़ेंः बिहार के मोतिहारी में फिर 'जहरीली शराब' का तांडव? एक की मौत, कई अस्पताल में भर्ती; छिपकर इलाज करा रहे बीमार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Munger News, Bihar Vigilance Team Action, Raid At Munger Divisional Commissioner Office, Munger Crime, Bihar News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com