बिहार की राजधानी पटना में छात्र-युवा मुद्दों को लेकर बड़ा आंदोलन शुरू हो गया है. गर्दनीबाग धरना स्थल पर हजारों छात्र BPSC TRE-4 अधिसूचना जारी करने, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, पेपर लीक पर कार्रवाई और रोजगार संबंधी मांगों को लेकर एकत्र हुए हैं. छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में शुरू हुए "छात्र न्याय सत्याग्रह" में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए हैं. आंदोलनकारी छात्रों ने सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि तय समय के भीतर TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र बनाया जाएगा. छात्रों ने चेतावनी दी है कि चरणबद्ध तरीके से भूख हड़ताल भी शुरू की जाएगी.
गर्दनीबाग में शुरू हुआ छात्र न्याय सत्याग्रह
पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर सोमवार से छात्रों का महाआंदोलन शुरू हो गया. आंदोलन में BPSC TRE-4 अभ्यर्थियों के साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र भी शामिल हुए. छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों अभ्यर्थी तीन दिवसीय आमरण अनशन पर बैठ गए हैं. प्रदर्शनकारी एकल परीक्षा प्रणाली के साथ जल्द से जल्द TRE-4 भर्ती अधिसूचना जारी करने की मांग कर रहे हैं.
पटना, बिहार: गर्दनीबाग धरना स्थल पर सैकड़ों BPSC TRE-4 अभ्यर्थी छात्र नेता दिलीप के नेतृत्व में तीन दिवसीय आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। वे एकल परीक्षा के साथ नोटिफिकेशन जल्द जारी करने की मांग कर रहे हैं। pic.twitter.com/Csg7fawiAy
— IANS Hindi (@IANSKhabar) August 18, 2026
सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम
NDTV से बात करते हुए धरना दे रहे छात्रों में से एक शिवम ने कहा कि सरकार को 24 घंटे का समय दिया गया है. यदि निर्धारित समय के भीतर TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि फिलहाल वे धरना और अनशन के माध्यम से अपनी बात रख रहे हैं, लेकिन मांगें पूरी नहीं होने पर भूख हड़ताल का रास्ता अपनाया जाएगा.

Patna Student Protest: पटना में छात्र आंदोलन शुरू
गर्दनीबाग का आमरण अनशन भी जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री ने पहले कहा था कि जुलाई में हर हाल में तैयारी 4 का विज्ञापन जारी हो जाएगा जब उनसे जुलाई से पहले सवाल किया जाता था तो वह कहते थे जुलाई आ गया क्या जब जुलाई आया तो वह कहते रहे जुलाई बीत गया क्या अब अगस्त भी आधा बीत गया है और अब तक विज्ञापन जारी नहीं हुआ है. अब हमारे पास आंदोलन के अलावा कोई और रास्ता नहीं है.
यह हैं छात्रों की मांग
- TRE 4 का विज्ञापन जारी करना. सभी खाली पदों पर नियुक्ति होनी चाहिए.
- TRE 4 में एकल परीक्षा होनी चाहिए.
- डोमिसाइल का सही से पालन होना चाहिए.
- BSSC से संविदा वेटेज हटाया जाना चाहिए.
- AEDO की परीक्षा जल्द कराई जानी चाहिए.
- लाइब्रेरियन की बहाली जल्द होनी चाहिए.
- सभी परीक्षाओं में पारदर्शिता होनी चाहिए.
- आंसर की जारी होने के साथ-साथ सभी कैंडिडेट को आंसर शीट की कार्बन कॉपी भी मिलनी चाहिए.
पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया भी बड़ा मुद्दा
प्रदर्शनकारी केवल TRE-4 अधिसूचना की मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि BPSC, BSSC, BSO सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मामलों को भी प्रमुखता से उठा रहे हैं. छात्रों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और पारदर्शिता की कमी के कारण हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. धरनास्थल पर छात्रों ने नारेबाजी, शायरी और गीतों के माध्यम से अपनी नाराजगी व्यक्त की तथा शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी पर भी कटाक्ष किया.
शिक्षा विभाग ने BPSC को भेजी है मांग
शिक्षा विभाग की 32 हजार 388 पदों के लिए बीपीएससी को अधियाचना (मांग) भेजी गई है. शिक्षा विभाग के अंतर्गत पहली से पांचवीं तक 10 हजार 778 पदों पर, छठवीं से आठवीं तक 8583, नौवीं से दसवीं तक 9082 पदों पर, ग्यारहवीं-बारहवीं के 16 हजार 774 पदों पर भर्ती होनी थी. इस बार कक्षा 1-5 तक 3,847 पद, कक्षा 6-8 तक 8,563 पद, कक्षा 9-10 के लिए 3,877 पद,कक्षा 11-12 16,101 पद पर भर्ती होनी है. हालांकि अब STET की परीक्षा पहले होनी है, इस वजह से TRE 4 में और अधिक देरी हो सकती है.
समस्त छात्र-युवा शक्ति पेपरलीक, बदहाल शिक्षा प्रणाली, पक्षपातपूर्ण बहाली प्रक्रिया और बेरोजगारी से त्रस्त है।
— Lalu Prasad Yadav (@laluprasadrjd) August 18, 2026
लूट तंत्र से बनी दंभी सरकार उनकी लोकतांत्रिक मांगों को सुनने की बजाय AK-47 से गोलियां बरसाती है, यह अन्यायपूर्ण है। इस तानाशाही के विरुद्ध सभी 19 अगस्त को पटना में…
लालू यादव ने भी की समर्थन की अपील
इसी बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने भी छात्र-युवा मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा कि छात्र और युवा पेपर लीक, बदहाल शिक्षा व्यवस्था, पक्षपातपूर्ण भर्ती प्रक्रिया और बेरोजगारी से परेशान हैं. लालू यादव ने 19 अगस्त को प्रस्तावित लोकभवन मार्च में अधिक से अधिक लोगों से भाग लेने की अपील की.
19 अगस्त को लोकभवन मार्च
राजद नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पहले ही 19 अगस्त को पटना में लोकभवन मार्च की घोषणा कर चुके हैं. पार्टी के अनुसार इस मार्च में छात्र, युवा और आम नागरिक शामिल हो सकते हैं. मार्च का मुख्य उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगना है.
यह भी पढ़ें : जंतर-मंतर, झारखंड और अब बिहार... क्या पटना में परवान चढ़ेगा छात्रों का आंदोलन? चल रही भीषण तैयारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं