विज्ञापन

पटना में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट, तेजस्वी बोले- बिहार में BJP सीएम बनते ही अपराधियों की मौज

दुकानदार के मुताबिक, लगभग 15 से 20 लाख रुपये मूल्य की करीब 100 ग्राम सोने की ज्वेलरी और 3 से 4 किलोग्राम चांदी की लूट की गई है. पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी है.

पटना में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट, तेजस्वी बोले- बिहार में BJP सीएम बनते ही अपराधियों की मौज
पटना में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट

बिहार की राजधानी पटना के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने रविवार को एक आभूषण की दुकान को निशाना बनाया है. बदमाशों ने हथियार के बल पर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया और करीब 20 लाख रुपये के सोने और चांदी के गहने लेकर फरार हो गए. दिनदहाड़े लूट की घटना सामने आते ही पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने सरकार को जमकर घेरा है. तेजस्वी ने कहा कि बिहार में भाजपा के मुख्यमंत्री बनते ही अपराधियों की मौज आ गई है. 

तेजस्वी का सरकार पर तीखा हमला 

तेजस्वी ने एक्स पर ज्वेलरी शॉप में लूट की घटना का वीडियो शेयर करते हुए NDA सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि बिहार में बीजेपी के मुख्यमंत्री बनते ही अपराधियों की मौज! अब नए नवेले मुख्यमंत्री जुबान से ही अपराध खत्म कर देंगे या फिर अपराधियों को खोजने से पूर्व उनकी जाति ढूंढेंगे. इसके हिसाब से प्रतिकूल और अनुकूल बयान जारी किया जाएगा. 

रविवार दोपहर में हुई लूट

बता दें कि आभूषण दुकान में दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर पांच लोग पहुंचे और हथियार का डर दिखाकर घटना को अंजाम दिया. ये सभी अपराधी अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहने हुए थे. जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर हुई इस वारदात में सभी अपराधी दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे. तीन बदमाश दुकान के अंदर घुसे, जबकि दो बाहर निगरानी करते रहे. दुकान में घुसते ही अपराधियों ने हथियार निकाल लिए और सबको एक कोने में बिठा दिया. 

करीब 20 लाख की लूट ले गए ज्वेलरी

बताया गया कि उस समय दो से तीन ग्राहक भी दुकान में मौजूद थे. घटना की सूचना प्राप्त होते ही पटना पूर्वी के नगर पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया. दुकानदार के मुताबिक, लगभग 15 से 20 लाख रुपये मूल्य की करीब 100 ग्राम सोने की ज्वेलरी और 3 से 4 किलोग्राम चांदी की लूट की गई है. पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी है.

पटना पूर्वी के नगर पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है. पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है एवं तकनीकी अनुसंधान प्रारंभ कर दी गई है. उन्होंने दावा किया कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. अपराधियों के खिलाफ छापेमारी की जा रही है. इधर, दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद दुकानदारों में आक्रोश है.

यह भी पढ़ें-

Bihar: स्कूल टीचर की 'गंदी नजर' से परेशान 12 साल की छात्रा लापता, सुसाइड नोट में बयां किया दर्द

बेटा न फंस जाए, पिता ने बहू का 'दृश्यम' स्टाइल में किया मर्डर, गन्ने के खेत में छिपा दी लाश, फिर पकड़ा कैसे गया?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com