विज्ञापन

तेजस्वी के क्षेत्र में पप्पू यादव का 'राहत दौरा', ट्रैक्टर चला कर पहुंचे, बाढ़ पीड़ितों को बांटे पैसे

बिहार में भीषण बाढ़ के बीच पूर्णिया सांसद पप्पू यादव तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर पहुंचे, जहां उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर राहत सामग्री और आर्थिक सहायता वितरित की है.

तेजस्वी के क्षेत्र में पप्पू यादव का 'राहत दौरा', ट्रैक्टर चला कर पहुंचे,  बाढ़ पीड़ितों को बांटे पैसे
बाढ़ पीड़ितों को पैसे बांटते पप्पू यादव
Pappu Yadav/X

बिहार इस समय बाढ़ से जूझ रहा है. गंगा समेत कई नदियां उफान पर हैं, हजारों गांव जलमग्न हैं और लाखों लोग मुश्किलों का सामना कर रहे हैं. इसी बीच बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर में शनिवार को पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पहुंचे और बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री के साथ आर्थिक सहायता बांटी.

राघोपुर दियारा क्षेत्र इन दिनों गंगा की बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में शामिल है. कई गांवों का संपर्क मुख्य सड़कों से कट गया है और लोगों को आने-जाने के लिए नाव या ट्रैक्टर का सहारा लेना पड़ रहा है. ऐसे हालात में पप्पू यादव ट्रैक्टर पर सवार होकर जलमग्न इलाकों तक पहुंचे. रास्ते में जगह-जगह पानी भरा होने के बावजूद वे प्रभावित परिवारों तक पहुंचे और लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं.

बाढ़ पीड़ितों से मिले पप्पू यादव

दौरे के दौरान पप्पू यादव ने कई बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात की. उन्होंने लोगों की स्थिति का जायजा लिया और जरूरतमंदों के बीच नकद आर्थिक सहायता भी वितरित की. स्थानीय लोगों ने उन्हें बाढ़ से उत्पन्न परेशानियों, खाद्य सामग्री की कमी, रोजगार के संकट और राहत व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों की जानकारी दी.

पप्पू यादव ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाना इस समय सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने प्रशासन से राहत और बचाव कार्यों को और तेज करने की मांग की ताकि जिन गांवों तक अभी पर्याप्त सहायता नहीं पहुंची है, वहां भी तत्काल राहत मुहैया कराई जा सके.

राघोपुर का राजनीतिक महत्व भी इस दौरे को खास बनाता है. यह क्षेत्र बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का विधानसभा क्षेत्र है और लंबे समय से राष्ट्रीय जनता दल का मजबूत गढ़ माना जाता है. ऐसे में बाढ़ के बीच पप्पू यादव का यहां पहुंचना और लोगों के बीच सक्रियता दिखाना राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है. हालांकि पप्पू यादव ने अपने दौरे को पूरी तरह मानवीय और राहत कार्यों से जुड़ा बताया.

हाई अलर्ट पर आपदा प्रबंधन विभाग

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज बाढ़ प्रभावित जिलों के संबंधित प्रभारी मंत्री और प्रभारी अधिकारी को जिले में रहने का आदेश दिया हैं. बाढ़ को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग और जल संसाधन विभाग हाई एलर्ट पर है ,आज जल संसाधन विभाग के मंत्री और बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने भी बिहार में बाढ़ को लेकर समीक्षा बैठक की है और उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया साथी उन्होंने कहा है कि सरकार अलर्ट मोड पर है.

यह भी पढ़ें: बिहार में नाबालिग बच्चे बाढ़ में चला रहे थे नाव, NDTV की रिपोर्ट के बाद प्रशासन ने लिया बड़ा फैसला

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Bihar News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com