विज्ञापन
This Article is From Jun 24, 2017

एनडीए में आएं नीतीश कुमार, बिहार का भला होगा : रामविलास पासवान

रामविलास पासवान ने कहा कि नीतीश महागठबंधन में असहज महसूस कर रहे हैं. हाल के दिनों में ऐसे कई मौके आए हैं, जब उनकी असहजता सामने आई है.

एनडीए में आएं नीतीश कुमार, बिहार का भला होगा : रामविलास पासवान
रामविलास पासवान की फाइल तस्वीर
  • महागठबंधन में असहज महसूस कर रहे हैं नीतीश - पासवान
  • 'नीतीश के आने से एनडीए भी मजबूत होगा और वे भी मजबूत होंगे'
  • 'नीतीश के एनडीए में आते ही बिहार में भ्रष्टाचार पर अंकुश लग जाएगा'
पटना: केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री रामविलास पासवान ने राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद को समर्थन देने के नीतीश कुमार के फैसले को सही कदम बताते हुए कहा कि नीतीश जितना जल्दी हो सके महागठबंधन से नाता तोड़कर एनडीए में आ जाएं, इससे बिहार का भला होगा.

दिल्ली से शनिवार को पटना पहुंचे पासवान ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, 'राष्ट्रपति चुनाव में कोविंद जी के समर्थन का नीतीश कुमार ने जो निर्णय लिया, उसका हम स्वागत करते हैं. उनसे आग्रह करते हैं जल्दी से एनडीए में आ जाएं. उनके आने से एनडीए भी मजबूत होगा और वे भी मजबूत होंगे तथा बिहार का भी भला हो जाएगा.'

उन्होंने हालांकि इस दौरान नीतीश को दो नाव पर सवारी नहीं करने की नसीहत भी दे डाली. पासवान ने कहा कि नीतीश महागठबंधन में असहज महसूस कर रहे हैं. हाल के दिनों में ऐसे कई मौके आए हैं, जब उनकी असहजता सामने आई है.

विपक्ष की उम्मीदवार मीरा कुमार को लेकर नीतीश द्वारा दिए गए बयान का समर्थन करते हुए रामविलास ने कहा कि उन्होंने (नीतीश) सही ही कहा है कि विपक्षी दलों ने जानबूझकर 'बिहार की बेटी' मीरा कुमार को हराने के लिए खड़ा किया है.

उन्होंने कहा कि यह सभी लोग जानते हैं कि एनडीए उम्मीदवार की जीत तय है. एनडीए के सत्ता में रहने से आज बिहार भ्रष्टाचारमय हो गया है, अपराध की घटनाओं में वृद्धि हुई है. ऐसे में नीतीश के एनडीए में आते ही बिहार में भ्रष्टाचार पर अंकुश लग जाएगा और अपराध की घटनाओं में कमी आ जाएगी. हालांकि लोकजनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष पासवान ने यह भी कहा कि एनडीए में आना और नहीं आना नीतीश को ही तय करना है.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nitish Kumar, Ram Vilas Paswan, JDU, Ram Nath Kovind, NDA, President Election 2017
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com