- NEET पेपर लीक मामले और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर प्रदर्शन बिहार के पटना तक पहुंचा
- पटना में छात्र संगठन के नेतृत्व में राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ सैकड़ों छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया
- पटना वेस्ट एसपी IPS संकेत कुमार ने पुलिसकर्मियों को पीछे हटने पर नौकरी लायक नहीं छोड़ने की चेतावनी दी
IPS Sanket Kumar Patna Bihar: NEET पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध की आग अब दिल्ली से बिहार की राजधानी पटना तक पहुंच गई है. दिल्ली में सीजेपी के प्रदर्शन के समर्थन में बुधवार को पटना में वामपंथी छात्र संगठन आईसा (AISA) के नेतृत्व में सैकड़ों छात्रों ने राज्य सरकार और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया.
इस दौरान पटना वेस्ट एसपी IPS संकेत कुमार का 'पीछे हटे तो नौकरी लायक नहीं छोड़ूंगा' वाला वीडियो वायरल हो रहा है.
दिनभर चले इस प्रदर्शन के दौरान पटना की सड़कें संग्राम का मैदान बनी रहीं. छात्रों का यह जुलूस ऐतिहासिक गांधी मैदान से शुरू होकर लोक भवन की ओर बढ़ रहा था. IPS संकेत कुमार ने मोर्चा संभाल रखा था.
डाकबंगला चौराहे पर बैरिकेडिंग तोड़ आगे बढ़े छात्र
प्रदर्शनकारी छात्र जब पटना के प्रमुख डाकबंगला चौराहे पर पहुंचे, तो मामला बेहद उग्र हो गया. पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए भारी बैरिकेडिंग कर रखी थी, लेकिन आक्रोशित छात्र पुलिस के घेरे को तोड़ते हुए आगे बढ़ गए. इस दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और छात्रों के बीच तीखी झड़प हुई. देखते ही देखते प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया और भीड़ की ओर से पथराव शुरू हो गया.
"पीछे हटे तो नौकरी करने लायक नहीं छोड़ूंगा"-पटना SP वेस्ट की चेतावनी
डाकबंगला चौराहे पर स्थिति बिगड़ती देख पटना के वेस्ट एसपी (IPS) संकेत कुमार खुद मोर्चे पर उतरे. जब कुछ पुलिसकर्मी उग्र भीड़ और पथराव के बीच पीछे हटने लगे, तो एसपी संकेत कुमार ने कड़े और चेतावनी भरे लहजे में अपने मातहतों से कहा कि "अगर पीछे हटे तो नौकरी करने के लायक नहीं छोड़ूंगा." एसपी की इस सख्त चेतावनी के बाद पुलिस बल हरकत में आया और पुलिसकर्मियों ने उग्र छात्रों को खदेड़ने के लिए दोबारा आगे बढ़कर मोर्चा संभाला.
लाठीचार्ज में कई घायल, पुलिसकर्मी भी चोटिल
स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा. पुलिस की तरफ से बल प्रयोग किए जाने के बाद चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई. पथराव और लाठीचार्ज की इस घटना में कई छात्र और कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. NEET परीक्षा को रद्द करने और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़े छात्रों का कहना है कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, उनका आंदोलन थमने वाला नहीं है. फिलहाल डाकबंगला चौराहे और आसपास के इलाकों में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
आईपीएस संकेत कुमार कौन हैं?
बता दें कि संकेत कुमार भारतीय पुलिस सेवा के 2022 के आईपीएस अधिकारी हैं. इन्होंने 11 अगस्त 2025 से बिहार कैडर में बिक्रमगंज सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के रूप में भी सेवाएं दी हैं. वहां से ट्रांसफर होकर पटना वेस्ट एसपी पद पर आए हैं. इसके अलावा एएसपी सरण भी रहे हैं. ये NIT पटना के पूर्व छात्र और ISRO के पूर्व वैज्ञानिक भी रह चुके हैं.
यह भी पढ़ें- IPS उदय कृष्ण रेड्डी SVPNPA: बचपन में अनाथ, दादी ने मजदूरी करके पढ़ाया, कांस्टेबल से बने आईपीएस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं