गया की एक शिक्षिका को विधायक (MLC) बनाने का सपना दिखाकर रेप और ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक साथी शिक्षक ने पहले उसे एमएलसी बनवाने का भरोसा दिलाया, फिर नशीला पदार्थ पिलाकर उसका यौन शोषण किया, और अश्लील वीडियो बना लिया. फिर ब्लैकमेल करके लाखों रुपये ऐंठ लिए. कोर्ट के आदेश पर अब कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
MLC बनाने का वादा
चाकंद क्षेत्र की रहने वाली शिक्षिका ने शिकायत में बताया है कि उसकी पहचान बक्सर के शिक्षक प्रकाश से हुई थी. प्रकाश ने उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा और दावा किया कि उसकी पहुंच राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर काफी ऊपर तक है. उसने शिक्षिका को शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी बनवाने का भरोसा दिलाया, और इसी बहाने उसे अपने संपर्क में रखा.
वाराणसी बुलाकर किया रेप
शिकायत के अनुसार, फरवरी 2024 में बैठक के नाम पर शिक्षिका को वाराणसी बुलाया गया. वहां संगठन की जरूरतों का हवाला देते हुए उससे 1.50 लाख रुपये मांगे गए. भरोसा कर वह नकदी लेकर वाराणसी पहुंची. आरोप है कि होटल में ठहराने के बाद उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई. इसी दौरान उसके साथ यौन शोषण किया गया और सहयोगियों की मदद से आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया गया.
वीडियो वायरल करने की धमकी
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद विरोध करने पर उसे जान से मारने और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई. इसके बाद लगातार उसे ब्लैकमेल किया जाता रहा. शिकायत में कहा गया है कि आरोपी उसे अलग-अलग जगहों पर बुलाकर दबाव बनाते रहे, और इसी दौरान उससे करीब 14 लाख 81 हजार रुपये वसूल लिए.
कोर्ट के आदेश पर FIR
कोर्ट के आदेश पर कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने बक्सर निवासी प्रकाश, गंगाराम और कृष्णा को नामजद आरोपी बनाया है. कोतवाली थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने बताया कि विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. मामले की जांच की जिम्मेदारी सब इंस्पेक्टर कुमारी मनीषा सिंह को सौंपी गई है. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: पटना फायरिंग मामले में खान सर को गिरफ्तारी से बड़ी राहत, जानें अदालत में क्या-क्या हुआ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं