पटना में ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रोशन आनंद बेउर जेल से बाहर आने के बाद खान सर और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि फैजल खान सर और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आरएस प्रसाद का सब किया-धरा है. दोनों ने मिलकर हमें फंसाया और मेरे भाई की हत्या करवाई है. उन्होंने कहा कि सरकार पर हमें पूरा भरोसा है. हमें न्याय जरूर मिलेगा. रोशन आनंद अपने भाई प्रिंस यादव के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे. जेल के बाहर भारी संख्या में लोग पहुंचे थे.
"जानबूझकर फंसाया गया"
रोशन आनंद ने कहा कि जिस गोलीबारी मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया था, उसमें उनकी ओर से कोई फायरिंग नहीं हुई थी, बल्कि गोली बारी दूसरी तरफ से की गई थी, और उन्हें जानबूझकर फंसाया गया.
पटना पुलिस पर भी लगाए गंभीर आरोप
रोशन सर ने दावा किया कि उनके भाई की हत्या एक सुनियोजित साजिश के तहत कराई गई. उन्होंने आरोप लगाया कि फैजल खान ने उनके भाई की हत्या करवाई और मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. उन्होंने कहा कि पटना पुलिस इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर रही है.
उन्होंने कहा कि उन्हें पटना में 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन जिन लोगों पर उनके भाई की हत्या का आरोप है, उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया.
"प्रभावशाली नेताओं का संरक्षण प्राप्त है"
रोशन सर ने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली नेताओं का संरक्षण आरोपी को प्राप्त है, जिसके कारण कार्रवाई नहीं हो रही है. रोशन सर ने यह भी मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, और नार्को टेस्ट कराया जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके. उन्होंने कदमकुआं थाना और पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि उनके खिलाफ साजिश रची गई.
"भाई के हत्यारों को सजा दिलाएंगे"
भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने जीवन का सबसे अनमोल रत्न, अपने भाई को खो दिया है. अब वह कानून के दायरे में रहकर अपने भाई के हत्यारों को सजा दिलाने की लड़ाई लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि बहुत जल्द वह विस्तृत प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, और पूरे मामले का खुलासा करेंगे. रिहाई के बाद रोशन सर पटना से अपने पैतृक गांव सहरसा के लिए रवाना हो गए. हालांकि, उनके द्वारा लगाए गए आरोपों पर पुलिस या संबंधित पक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
"आरोपों पर साक्ष्य नहीं दे पाए"
इस मामले में रोशन आनंद के वकील रोशन कुमार ने भी मीडिया से कहा कि कोर्ट ने तथ्य और साक्ष्य देखने के बाद रोशन आनंद को जमानत दी है. अभियोजन पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर साक्ष्य नहीं दे पाए. ऐसा कोई साक्ष्य नहीं दे पाए कि हमला रोशन आनंद ने कराया है. कोर्ट पर पूरा भरोसा है.
कोर्ट ने कहा- गुरु की तरह व्यवहार करें
रोशन आंनद ने कोर्ट में कहा कि वे घटना में शामिल नहीं थे, और जांच में पूरा सहयोग करेंगे. जमानत देते हुए कोर्ट ने कहा, "गुरु हैं, खान और रोशन आनन्द गुरु की तरह व्यवहार करें. दोनों टीचर हैं, हेल्दी कम्पीटिशन करें, क्रिमिनल एक्टिविटी में इन्वॉल्व न हों."
यह भी पढ़ें: रोशन आनंद को जमानत मिली, कोर्ट ने कहा- गुरु हैं, गुरु की तरह व्यवहार करें खान और रोशन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं