- बेतिया के गोडवा टोला गांव में युवक सोनू ने मोबाइल, पावर बैंक और पैसों के विवाद पर टावर पर चढ़कर विरोध जताया
- युवक सोनू पर उसके मित्र द्वारा बाइक चोरी का झूठा आरोप लगाकर जेल भेजे जाने का आरोप है, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ
- जेल से रिहा होकर सोनू ने अपने मोबाइल, पावर बैंक और पैसे वापस मांगे, लेकिन मित्र ने देने से इनकार किया था
बिहार के बेतिया में शुक्रवार को उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गोडवा टोला गांव में एक युवक अपनी मांगों को लेकर बिजली के टावर पर चढ़ गया. युवक के टावर पर चढ़ते ही इलाके में अफरा‑तफरी मच गई और एहतियातन कई घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप कर दी गई.
टावर पर चढ़े युवक की पहचान गोडवा टोला निवासी स्वर्गीय बीर बहादुर साह के पुत्र सोनू के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला मोबाइल फोन, पावर बैंक और पैसों के विवाद से जुड़ा है.
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, सोनू कुछ दिनों पहले बाइक चोरी के एक मामले में जेल गया था. सोनू का आरोप है कि उसके एक मित्र ने ही बाइक चोरी का आरोप लगाकर उसे जेल भिजवा दिया. सोनू का दावा है कि बाइक लेने से पहले उसने उसी मित्र को अपना मोबाइल, पावर बैंक और कुछ पैसे दिए थे.

जेल से रिहा होकर लौटने के बाद जब सोनू ने अपने सामान और पैसे वापस मांगे तो मित्र ने देने से इनकार कर दिया. इसके बाद सोनू ने इस मामले को लेकर मुफ्फसिल थाने में आवेदन भी दिया था, लेकिन पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट होकर उसने विरोध का यह खतरनाक तरीका अपनाया.
यह भी पढ़ेंः Bihar:'सेफ्टी' के नाम पर नकली पुलिस का असली खेल, युवक की सोने की चेन और अंगूठी उड़ाई
टावर पर चढ़ते ही मचा हड़कंप
शुक्रवार को सोनू अपनी मांगों को लेकर सीधे बिजली के टावर पर चढ़ गया. सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. किसी भी अनहोनी से बचने के लिए इलाके की बिजली सप्लाई तुरंत काट दी गई, जिससे आसपास के गांवों और मोहल्लों में बिजली गुल रही.

कई घंटे चले ड्रामे के बाद उतरा युवक
करीब कई घंटे की मशक्कत के बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों की समझाइश पर सोनू को उसका मोबाइल और पावर बैंक दिए जाने का भरोसा दिलाया गया. इसके बाद वह टावर से नीचे उतरा. तब तक सुरक्षा कारणों से बिजली विभाग की ओर से बिजली आपूर्ति बंद ही रखी गई थी.
(इनपुटः जितेंद्र कुमार)
यह भी पढ़ेंः 4 महीने की गर्भवती महिला सिपाही की मौत, 1 साल पहले की थी लव मौरिज, परिजनों ने लगाया दहेज का आरोप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं