fake Police in Beittah: बिहार के बेतिया जिले से नकली पुलिस बनकर लोगों को ठगने का मामला सामने आया है. पुलिस बनकर इन दो जालसाजों ने एक व्यक्ति से उसकी सोने की चेन और अंगूठी ठग ली. पीड़ित ने मामले की जानकारी स्थानीय नगर थाने को दी. जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
फर्जी पुलिस बनकर दिया झांसा
पीड़ित अजय कुमार गुप्ता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि यह घटना उस वक्त हुई जब वे सुबह करीब 8:30 बजे अपनी पत्नी को आरएलएसवाई (RLSY) कॉलेज छोड़कर घर लौट रहे थे. संतरेशा स्कूल के पास दो अज्ञात युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर अजय को रोका. ठगों ने बेहद शातिर तरीके से उन्हें डराया कि इलाके में लूटपाट और डकैती की वारदातें बढ़ गई हैं. उन्होंने सुरक्षा का हवाला देते हुए उसे सलाह दी कि वे गले में पहनी सोने की चेन और हाथ की अंगूठी उतारकर जेब में रख लें.
कागज में लपेटकर उड़ाई सोने की अंगूठी और चेन
अजय उनकी बातों में आ गए, जिसका फायदा उठाकर ठगों ने चालाकी से उनके गहने ले लिए और उन्हें कागज में लपेटकर एक पॉलिथीन थमा दी. ठगों ने उनसे कहा कि इसमें गहने सुरक्षित हैं, इसे अपनी जेब में रख लें. घर पहुंचकर जब अजय ने पॉलिथीन खोली, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. सोने की चेन और अंगूठी की जगह उसमें पत्थर के छोटे-छोटे टुकड़े भरे थे. ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने तुरंत नगर थाना पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज करा. पुलिस अब उन अज्ञात जालसाजों की तलाश में जुट गई है.
सीसीटीवी की मदद से फर्जी पुलिस की तलाश में जुटी पुलिस
मामले की जांच कर रहे बेतिया सदर एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. साथ ही आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है, साथ ही संदिग्धों की तलाश में जुट गई है.
यह भी पढ़ें; Bihar: नई सरकार में भी जारी रहेगी शराबबंदी, डिप्टी सीएम ने की गांधी की बात- 'शराब पीकर जानवर बन जाते हैं लोग'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं