- भूमिगत पाइपलाइन काटकर करोड़ों के क्रूड ऑयल की चोरी
- अवैध वाल्व लगाकर फरार हुए तस्कर
- प्रेशर कम होने पर हुआ खुलासा
बिहार: जमुई के झाझा थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) की अंडरग्राउंड हल्दिया-बरौनी क्रूड ऑयल पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर तेल चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बाराजोर गांव के पास प्वाइंट संख्या 409.5 के पास बदमाशों ने पाइपलाइन तक पहुंचने के लिए गहरा गड्ढा खोदा, पाइप में अवैध वॉल्व लगाकर क्रूड ऑयल निकाला और फरार हो गए. इस घटना ने पाइपलाइन की सुरक्षा-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
जानकारी के अनुसार, पाइपलाइन में अचानक प्रेशर कम होने का संकेत मिलने पर आईओसीएल के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की. निरीक्षण के दौरान पाइपलाइन से छेड़छाड़ और तेल चोरी का खुलासा हुआ. इसके बाद तत्काल झाझा थाना पुलिस को सूचना दी गई.
रात में वारदात को दिया अंजाम
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने बुधवार की रात इस वारदात को अंजाम दिया. प्रेशर में गिरावट के बाद कंपनी को गड़बड़ी की जानकारी मिली और जांच के दौरान चोरी का मामला सामने आया.
अवैध वॉल्व लगाकर निकाला तेल
घटनास्थल पर आईओसीएल की 16 सदस्यीय मेंटेनेंस टीम मरम्मत कार्य में जुट गई है. मेंटेनेंस कर्मी मो. कलीम ने बताया कि बदमाशों ने पाइपलाइन में अवैध वॉल्व लगाकर तेल निकाला था. फिलहाल, पाइपलाइन को अस्थायी रूप से सुरक्षित कर दिया गया है. मरम्मत पूरी होने के बाद तेल आपूर्ति दोबारा शुरू की जाएगी.
घटनास्थल से मिले चार पहिया वाहन के निशान
जांच के दौरान घटनास्थल से चार पहिया वाहन के टायरों के निशान भी मिले हैं. इससे आशंका है कि चोरी किया गया क्रूड ऑयल वाहन के माध्यम से ले जाया गया. पुलिस ने तकनीकी टीम की मदद से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. वहीं, आईओसीएल के अभियंता अतुल्य शिवम द्वारा झाझा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया देर शाम तक जारी रही. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है.
यह भी पढ़ें- मोतिहारी: फर्जी सिपाही बनकर 10 दिनों से स्टेशन पर दे रहा था ड्यूटी, नौकरी के नाम पर 4 लाख की ठगी
(बिहार के जमुई से गौतम कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं