विज्ञापन

प्रशांत किशोर के खिलाफ चुनाव आयोग पहुंची भाजपा, पैसे के दम पर सोशल मीडिया पर माहौल बनाने का आरोप

बिहार उपचुनाव के बीच भाजपा ने प्रशांत किशोर पर चुनावी खर्च और सोशल मीडिया के जरिए माहौल बनाने का आरोप लगाया है. पार्टी का प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग पहुंचा और जांच की मांग की. 

प्रशांत किशोर के खिलाफ चुनाव आयोग पहुंची भाजपा, पैसे के दम पर सोशल मीडिया पर माहौल बनाने का आरोप
प्रशांत किशोर.

बिहार में उपचुनाव के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. इसी क्रम में मंगलवार को भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग से मिला और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. प्रतिनिधिमंडल में बिहार सरकार के मंत्री मिथिलेश तिवारी, विधायक जीवेश मिश्रा, एमएलसी जनक राम और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन शामिल थे. भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनावी नियमों का उल्लंघन करते हुए बड़े पैमाने पर धन खर्च किया जा रहा है और इसकी जांच कराई जानी चाहिए.

सोशल मीडिया पर करोड़ों खर्च करने का आरोप

चुनाव आयोग से मुलाकात के बाद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर चुनाव लड़ रहे हैं और पैसे के दम पर सोशल मीडिया पर माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार के लिए करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाए जा रहे हैं. शाहनवाज ने दावा किया कि सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स को एक-एक वीडियो के लिए लाखों रुपये दिए जा रहे हैं और कई बेनामी कंपनियों के जरिए चुनावी प्रचार पर भारी रकम खर्च की जा रही है.

चुनावी नियमों के उल्लंघन का दावा

भाजपा नेता ने कहा कि चुनाव आयोग किसी उम्मीदवार को चुनाव में अधिकतम 40 लाख रुपये खर्च करने की अनुमति देता है, लेकिन इस सीमा का पालन नहीं किया जा रहा है. उनका आरोप है कि फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए मतदाताओं के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है. भाजपा ने चुनाव आयोग और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से ऐसे सभी वित्तीय लेनदेन और कथित फर्जी कंपनियों की जांच कराने की मांग की है.

मिथिलेश तिवारी का हमला, लगाए गंभीर आरोप

वहीं बिहार सरकार के मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से गाली-गलौज को बढ़ावा दिया जा रहा है. तिवारी ने याद दिलाया कि 2025 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रशांत किशोर ने दावा किया था कि यदि नीतीश कुमार की पार्टी को 25 सीटें भी मिल जाएं तो वह राजनीति छोड़ देंगे. मंत्री ने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर किसी की “सुपारी” लेकर चुनाव मैदान में उतरे हैं और उनका मकसद विपक्ष को फायदा पहुंचाना है.

दस्तावेज सौंपने का दावा, जांच की मांग तेज

मिथिलेश तिवारी ने कहा कि भाजपा ने अपनी शिकायत के समर्थन में सभी जरूरी दस्तावेज चुनाव आयोग को उपलब्ध करा दिए हैं. उन्होंने प्रशांत किशोर को “बहुरूपिया” बताते हुए दावा किया कि उपचुनाव में हार के बाद वह बिहार छोड़कर पंजाब चले जाएंगे. भाजपा नेताओं का कहना है कि अब चुनाव आयोग को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लानी चाहिए.

यह भी पढ़ें- बिहार में बिना अनुमति सोशल मीडिया अकाउंट नहीं बना सकेंगे सरकारी कर्मचारी, गाली-गलौज वाली पोस्ट पर होगी जेल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar By Election 2026, Prashant Kishor, Election Commission
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com