- बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर कस्बे में एक शादी के दौरान भोजन को लेकर विवाद हुआ
- दूल्हे पक्ष ने दावे किया कि मेन्यू में मटन का वादा था लेकिन चिकन परोसा जाने पर नाराजगी हुई
- विवाद बातचीत से बढ़कर मारपीट में तब्दील हो गया जिसमें लाठी और तलवारों का भी इस्तेमाल हुआ
शादियां एक से बढ़कर होती हैं. कई बारातें यादों के कोने में एक खास जगह पा लेती हैं. ऐसी ही एक बारात आई बिहार में. सब कुछ एक आम बारात की तरह लग रहा था. किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले पल क्या होने वाला है. फिर लड़की के घरवालों ने दोपहर का खाना परोसा. खाने में चिकन था. मगर ये बात बारातियों को पसंद नहीं आई. उन्हें मटन चाहिए था. बात शुरू हुई बातों से मगर फिर लातों, घूसों से होते हुए डंडों और तलवारों तक पहुंच गई.
कैसे शुरू हुआ विवाद
दूल्हे पक्ष का कहना था कि उनसे दोपहर के खाने में मटन परोसने का वादा किया गया था, लेकिन चिकन परोस दिया गया. वो लगातार मटन देने की जिद करने लगे. अब मटन जब बना ही नहीं था तो उन्हें परोसा कैसे जाता. सो लड़की पक्ष ने पहले तो समझाने की कोशिश की, लेकिन लड़के पक्ष के लोगों ने जब बात नहीं मानी तो वो भी गरम हो गए. नतीजा दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई. चूंकि शादी गांव में थी तो लड़की पक्ष के लोग ज्यादा संख्या में थे. सो उन्होंने अपनी मेहनत की पूरी कसर निकाल ली.
बिहार में कहां की घटना
यह घटना बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर कस्बे में एक शादी के दौरान हुई. मोहम्मद अनवर के बेटे मोहम्मद अब्दुल्ला उर्फ चांद का निकाह मोहम्मद जावेद उर्फ मोटो की बेटी से बृहस्पतिवार दोपहर करीब 3 बजे संपन्न हुआ. अधिकारियों ने बताया कि समारोह शांतिपूर्ण और सौहार्द्रपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया था. दूल्हे के एक रिश्तेदार ने बताया कि परेशानी निकाह के बाद शुरू हुई, जब सभी बाराती दावत के लिए बैठे.
कई अस्पताल में भर्ती
दूल्हे पक्ष का आरोप था कि शादी के मेन्यू में मटन का वादा किया गया था, लेकिन जब खाना परोसा गया, तो उन्हें चिकन मिला. इससे मेहमानों और मेजबानों के बीच तीखी बहस हो गई. यह बहस जल्द ही मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई. इस लड़ाई के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं. एक क्लिप में कुछ लोगों को मेहमानों पर लाठियों से हमला करते और तलवारें लहराते हुए देखा जा सकता है. घायलों को सिमरी बख्तियारपुर के अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बिहार पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद ही स्थिति को काबू में किया जा सका. मामले की जांच चल रही है.
यह भी पढ़ें-
जिसे मृत मान लिया गया था, वही नार्वे का वर्ल्ड कप हीरो, पत्नी को किस के पीछे इमोशनल कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं