विज्ञापन

बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में कान में ब्लूटूथ छिपाकर दे रहा था परीक्षा, आखिरी 5 मिनट में गया पकड़ा

बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के आखिरी दिन बेतिया में डिजिटल नकल का भंडाफोड़ हुआ. कान में छोटा ब्लूटूथ छिपाकर परीक्षा देने के आरोप में एक कैंडिडेट को गिरफ्तार किया गया.

बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में कान में ब्लूटूथ छिपाकर दे रहा था परीक्षा, आखिरी 5 मिनट में गया पकड़ा
परीक्षार्थी को पकड़ते हुए बिहार पुलिस कर्मी
NDTV

बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन पश्चिम चंपारण के बेतिया से  हाइटेक नकल करने  का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां के विपिन उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र पर एक परीक्षार्थी को डिजिटल तकनीक के सहारे नकल करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया.जिसके बाद  पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी परीक्षार्थी को गिरफ्तार कर लिया है.

आखिरी 5 मिनट में ऐसे खुली पोल

मिली जानकारी के अनुसार, परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर तैनात बिहार पुलिस के जवानों को एक परीक्षार्थी की शारीरिक गतिविधियां और हाव-भाव परीक्षा के दौरान संदिग्ध लगे. काफी देर तक उस पर नजर रखने के बाद जब शक गहरा हुई तो इसी आधार पर उन्होंने तुरंत उसकी जांच की. तलाशी के दौरान उसके कान के अंदर से एक डिजिटल उपकरण( ब्लूटूथ) बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल वह परीक्षा में नकल करने के लिए कर रहा था.  सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि परीक्षार्थी लगभग पूरी परीक्षा इसी डिवाइस के दम पर दे चुका था और परीक्षा खत्म होने में महज 5 मिनट का समय शेष था, तभी वह पकड़ा गया.

नवादा का रहने वाला है आरोपी अजय कुमार

जांच के बाद गिरफ्तार किए गए इस परीक्षार्थी की पहचान बिहार के नवादा जिले के पताहा गांव के रहने वाले अजय कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है. जांच में पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि अजय कुमार ने यह डिजिटल उपकरण खुद इस्तेमाल किया था या इसके पीछे कोई संगठित सॉल्वर गैंग काम कर रहा है.

सुरक्षा घेरे को लेकर उठने लगे गंभीर सवाल

इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी गई है. साथ ही परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं कि इतनी सख्ती और जांच के बावजूद आखिर डिजिटल डिवाइस परीक्षा केंद्र के अंदर कैसे पहुंचा. यह अब जांच का विषय बना हुआ है. जानकारों के अनुसार, इस्तेमाल किया गया ब्लूटूथ उपकरण इतना छोटा और पतला था कि वह आसानी से कान के अंदर फिट हो गया था, जिससे शुरुआती जांच में उसे पकड़ पाना मुश्किल था.

मामले की गहराई से जांच में जुटी पुलिस

हालांकि, पुलिस और प्रशासन की अंदरूनी सतर्कता से परीक्षा केंद्र पर नकल की इस कोशिश को नाकाम कर दिया गया. बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा बेतिया में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और अब पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. वही इस पूरे मामले में पुलिस कुछ भी बोलने से बच रही हैं.

Report: Jitendra Kumar Gupta

यह भी पढ़ें: फर्जी डॉक्टर ने सोना खरीदने के बहाने बुलाया, बंधक बनाकर लूटा डेढ़ करोड़ का सोना

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News, Bihar, Bihar Police Constable Exam, Bihar Job
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com