विज्ञापन

15 अप्रैल तक बिहार को मिल सकता है नया मुख्यमंत्री, 10 अप्रैल को नीतीश लेंगे राज्यसभा सदस्य की शपथ

नीतीश कुमार गुरुवार दोपहर दिल्ली पहुंच जाएंगे. 10 अप्रैल को शपथ लेने के बाद 11 अप्रैल को देर शाम उनके पटना लौटने की संभावना है. पटना लौटने के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के तौर पर अपना इस्तीफा सौंप देंगे. ऐसी संभावना है कि पटना लौटने से पहले नीतीश कुमार की मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से होगी.

15 अप्रैल तक बिहार को मिल सकता है नया मुख्यमंत्री, 10 अप्रैल को नीतीश लेंगे राज्यसभा सदस्य की शपथ
नीतीश कुमार
फाइल फोटो
पटना:

बिहार की राजनीति एक बार फिर बड़े बदलाव के संकेत दे रही है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आगामी दिल्ली दौरा महज औपचारिक नहीं, बल्कि सत्ता परिवर्तन की दिशा तय करने वाला माना जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार 9 अप्रैल की शाम पटना से दिल्ली रवाना होंगे और 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ लेंगे. इसी दौरान दिल्ली में बीजेपी की कोर कमेटी की अहम बैठक भी प्रस्तावित है, जिससे राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है.

दिल्ली में होगी पीएम मोदी-शाह के संग बैठक

जानकारी के अनुसार, शपथ ग्रहण के मौके पर या उसके आसपास नीतीश कुमार की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात संभव है. राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि ये मुलाकातें सिर्फ शिष्टाचार नहीं होंगी, बल्कि बिहार में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर ठोस फैसला इन्हीं बैठकों में लिया जा सकता है.

10 अप्रैल को राज्यसभा में शपथ लेंगे नीतीश

20 सालों तक करीब-करीब निर्बाध रूप से बिहार के मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद अब नीतीश कुमार उस पद से रिटायर हो रहे हैं. लेकिन राजनीति में उनकी पारी अभी जारी रहेगी. जानकारी के मुताबिक 10 अप्रैल को नीतीश कुमार राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ लेंगे. बता दें कि 16 मार्च को बिहार की 5 राज्यसभा सीटों के लिए हुए चुनाव में सभी सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों की जीत हुई थी. 

यह भी पढ़ें- ससुर से दोगुनी अमीर निकलीं सुनेत्रा पवार, 122 करोड़ की संपत्ति, ननद सुप्रिया सुले की कमाई भी जानें

नितिन नवीन की शपथ पर सस्पेंस

जीतने वालों में नीतीश के अलावा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय लोक मोर्चा अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और बीजेपी नेता शिवेश राम भी शामिल हैं. अभी तक ये साफ नहीं है कि नितिन नवीन भी उसी दिन शपथ लेंगे या नहीं.

सीएम पद से जल्द इस्तीफा देंगे नीतीश

सूत्रों के मुताबिक गुरुवार दोपहर नीतीश कुमार दिल्ली पहुंच जाएंगे. 10 अप्रैल को शपथ लेने के बाद 11 अप्रैल को देर शाम उनके पटना लौटने की संभावना है. पटना लौटने के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के तौर पर अपना इस्तीफा सौंप देंगे. ऐसी संभावना है कि पटना लौटने से पहले नीतीश कुमार की मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से होगी.

यह भी पढ़ें- मेरठ से सांसद, कई मंत्रालयों की मिली कमान, जानिए कौन थीं मोहसिना किदवई? 94 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

हालांकि सबकी नजर इस बात पर होगी कि नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार का नया मुख्यमंत्री कौन बनेगा और नई सरकार कब तक अपना पदभार संभालेगी. सूत्रों के मुताबिक नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद तुरंत एनडीए विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग जाएगी. संभावना है कि 15 अप्रैल तक बिहार को अगला मुख्यमंत्री मिल जाएगा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nitish Kumar, Nitish Kumar Rajyasabha Election, Nitish Kumar Rajyasabha Oath Ceremony, Rajyasabha Member Nitish Kumar, Nitish Kumar Resignation From Mlc
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com