विज्ञापन

सब डायबिटीज के शिकार हो रहे हैं... चीनी की बढ़ती कीमतों पर बिहार के मंत्री श्रवण कुमार का बयान वायरल

चीनी की बढ़ती कीमत पर को लेकर आम लोग परेशान हैं. इस बीच बिहार के मंत्री श्रवण कुमार का एक बयान वायरल हो रहा है. जिसमें वो चीनी की कीमत को लेकर डायबिटीज का हवाला देते हुए कह रहे हैं कि इसका कोई प्रभाव नहीं है.

सब डायबिटीज के शिकार हो रहे हैं... चीनी की बढ़ती कीमतों पर बिहार के मंत्री श्रवण कुमार का बयान वायरल
चीनी की बढ़ती कीमत को लेकर बिहार के मंत्री श्रवण कुमार का बयान वायरल हो रहा है.
NDTV
  • बिहार में चीनी की कीमत पिछले पंद्रह दिनों में बढ़कर पैंसठ रुपए प्रति किलो से ऊपर पहुंच गई है.
  • मंत्री श्रवण कुमार का कहना है कि चीनी की बढ़ती कीमतों से खास फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि लोग कम चीनी खा रहे हैं.
  • श्रवण कुमार ने कहा कि आजकल ज्यादातर लोग डायबिटीज के शिकार हो रहे हैं और मिठाई-ओठाई भी कम खा रहे हैं.
पटना:

चीनी की बढ़ती कीमत ने लोगों का बजट बिगाड़ दिया है. 15 दिन पहले जो चीनी 48-50 रुपए किलो मिल रही थी, आज उसकी कीमत 65 के पार पहुंच चुकी है. चीनी की कीमत में हो रही बढ़ोतरी के बीच बिहार के मंत्री श्रवण कुमार का एक वीडियो बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसमें चीनी की बढ़ती कीमत पर बिहार के मंत्री यह कहते दिख रहे हैं कि सब डायबिटीज के शिकार हो रहे हैं. मैं समझता हूं चीनी के दाम बढ़ोतरी से कोई फर्क पड़ने वाला नहीं.

चीनी की कीमतों को लेकर चिंता की कोई बात नहींः श्रवण कुमार

सोशल मीडिया पर बिहार के मंत्री का यह बयान वायरल है. दरअसल गुरुवार को पटना में मीडिया ने बिहार के मंत्री श्रवण कुमार से चीनी की बढ़ती कीमत को लेकर सवाल पूछा था. जिस पर उन्होंने कहा कि चीनी की कीमतों को लेकर कोई चिंता की बात नहीं है. ऐसे भी चीनी कम खा रहे हैं लोग, सबको आजकल बीमारी हो गया. मिठाई-ओठाई कौन खाता है, आजकल. 

अपने इसी बयान में श्रवण कुमार आगे कहते हैं कि आजकल तो सब डायबिटीज के शिकार हो रहे हैं. मैं समझता हूं चीनी के दाम बढ़ोतरी से कोई फर्क पड़ने वाला नहीं. मंत्री श्रवण कुमार के वायरल बयान पर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. 

श्रवण कुमार के बयान पर पप्पू यादव का बोले- इनसे क्या उम्मीद कीजिएगा

जब पप्पू यादव से श्रवण कुमार के बयान पर प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कहा कि गोबर पर कितना भी घी डालेंगे, स्वाद तो गोबर का ही आएगा. पप्पू यादव ने कहा कि ऐसे मंत्री से क्या उम्मीद कीजिएगा. गैस, टमाटर की कीमत बढ़ी थी, तब स्मृति ईरानी सहित कई बड़े नेता सवाल उठा रहे थे, लेकिन आज चीनी की कीमत बढ़ने पर डायबिटीज की बात रहे हैं. सबसे बड़ा डायबिटीज तो सरकार है. 


यह भी पढ़ें - चीनी ही नहीं, गुड़ भी हुआ महंगा! क्‍यों 20 रुपये तक बढ़ गए दाम? जानिए व्‍यापारियों ने NDTV को क्‍या बताया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sugar Price, Sugar Price Hike, Sugar Price Hike India, Shrawan Kumar, Shrawan Kumar JDU
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com