विज्ञापन

बिहार: पिता-बड़े बेटे ने मिलकर छोटे की छाती पर चलाया भाला, 6 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर DIG ऑफिस का घेराव

बिहार के बेतिया जिले में जमीनी विवाद के खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं. 6 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने डीआईजी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया.

बिहार: पिता-बड़े बेटे ने मिलकर छोटे की छाती पर चलाया भाला, 6 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर DIG ऑफिस का घेराव
बेतिया जिले में एक व्यक्ति की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं.

Bihar Crime News: बिहार के बेतिया जिले में जमीनी विवाद का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. जहां 20 मार्च को एक ही परिवार के बीच हुए खूनी संघर्ष में बड़े बेटे की मौत हो गई थी जबकि उसके दो छोटे भाई गंभीर रूप से घायल हैं. घटना के 6 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं किए जाने से परिजनों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी है.

इसी के विरोध में मृतक की पत्नी, मां, बच्चे और सैकड़ों ग्रामीण आज डीआईजी कार्यालय के बाहर न्याय की मांग को लेकर पहुंचे. लोगों ने प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. हालांकि कार्यालय बंद होने के कारण उनकी डीआईजी से मुलाकात नहीं हो सकी और उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा.

पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई, मिल रही जान की धमकी

प्रदर्शन में शामिल मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि हत्या के 6 दिन बाद भी पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है. उनका कहना है कि दो लोग अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही. परिजनों ने यह भी बताया कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं और घर में छोटे-छोटे बच्चे होने के कारण वे भय के माहौल में जी रहे हैं.

पीड़ितों ने बताया कि बैरिया थाना कांड संख्या 142/2026 में नामजद कई आरोपी अब तक खुले घूम रहे हैं. इनमें अभय पटेल, आभा देवी, अजय पटेल, रविंद्र पटेल, संतोष पटेल, अशोक पटेल, गोलू पटेल, चंद्रिका पटेल, मुत्तरी पटेल, सन्नी पटेल और नितेश पटेल शामिल हैं. सभी आरोपी भितहा मठिया गांव के ही निवासी बताए जा रहे हैं. परिजनों का कहना है कि इन आरोपियों के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हो चुके हैं लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही जिससे उनका मनोबल बढ़ता जा रहा है.

जमीन विवाद में भाले के हमले से हुई हत्या 

घटना 20 मार्च को बैरिया थाना क्षेत्र के भितहा मठिया गांव में हुई थी. जमीन को लेकर लंबे समय से परिवार के भीतर विवाद चल रहा था. उसी दिन सुबह रास्ता बंद करने को लेकर झगड़ा शुरू हुआ जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. आरोप है कि पिता सुरेश पटेल, बड़े बेटे अजय पटेल और अन्य परिजनों ने मिलकर छोटे बेटे विजय पटेल पर लोहे के भाले से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

इस हमले में विजय के भाई अखिलेश और कमलेश भी गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए GMCH बेतिया में भर्ती कराया गया है. दोनों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है. परिजनों ने प्रशासन से जल्द न्याय और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है.

यह भी पढ़ें- IPD टावर ढाई साल बाद भी शुरू नहीं, MRI के लिए भटक रहे मरीज; पूर्व चिकित्सा मंत्री का सरकार पर तीखा हमला

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com