जहानाबाद के एक निजी स्कूल में 5 साल के मासूम छात्र आंशु कुमार पुत्र धनंजय कुमार की मौत के बाद सनसनी फैल गई. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल के हॉस्टल में तोड़फोड़ की, और शव को NH-22 पर रखकर घंटों जाम रखा. सूचना पर पहुंची पुलिस को समझा-बुझाकर शांत कराया, और जाम खुलवाया. घटना कड़ौना थाना क्षेत्र के मुठेर-लोदीपुर गांव के समीप स्थित फोरलेन की है.
एक सप्ताह पहले कराया था एडमिशन
बुलाकी बिगहा गांव के रहने वाले धनंजय कुमार ने एक सप्ताह पहले ही बेटे आंशु का गुरुकुल हॉस्टल स्कूल में एडमिशन कराया था. सोमवार सुबह स्कूल संचालक ने बच्चे की तबीयत खराब होने, और उसे एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराने की सूचना दी. परिजन निजी नर्सिंग होम पहुंचे, तो डॉक्टरों ने उसे गंभीर हालत में PMCH रेफर कर दिया. पटना ले जाते समय रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया.

बच्चे की हत्या का आरोप लगाते हुए हाईवे जाम कर दिया.
चाकू से गोदे जाने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि बच्चे के गले, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से गोदे जाने के निशान हैं. उन्होंने स्कूल संचालक पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस की शुरुआती पूछताछ में स्कूल संचालक गिरने से मौत का कारण बता रहा है. सूचना पर एसडीओ राजीव रंजन सिन्हा और एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.
स्कूल संचालक से पूछताछ
सदर एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी ने बताया कि मामला अत्यंत संवेदनशील और संदेहास्पद है. उन्होंने बताया कि परिजन चाकू मारकर हत्या का आरोप लगा रहे हैं, जबकि स्कूल संचालक बच्चे की गिरने से मौत की बात कह रहा है. फिलहाल स्कूल संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. मौके पर फोरेंसिक जांच टीम को बुलाया गया है, जिससे साक्ष्य जुटाया जा सके.
तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात
शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है, और परिजनों से लिखित शिकायत मांगी जा रही है. परिजनों से लिखित शिकायत के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस हृदयविदारक घटना और स्कूल परिसर में हुई तोड़फोड़ के बाद वहां पढ़ रहे अन्य बच्चों के अभिभावक भी सहम गए हैं. स्थिति को देखते हुए कई माता-पिता अपने बच्चों को हॉस्टल से लेकर घर लौट गए हैं. फिलहाल मौके पर में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है.
यह भी पढ़ें: आसान नहीं TMC के लिए बंगाल की लड़ाई, भवानीपुर में ममता Vs सुवेंदु में कौन भारी? NDTV ने टटोली जनता की नब्ज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं