गोपालगंज में एक साथ 5 लड़कियां लापता हो गईं. परिजनों ने बच्चियों को बहला-फुसलाकर अपहरण की आशंका जताई है, जिसको लेकर नगर थाना में केस दर्ज कराया गया है. चारों लड़कियां नाबालिग हैं, और चारों सहेली हैं. बताया जाता है कि ये सभी लड़कियां एक साथ अपने-अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकली थीं, लेकिन वापस नहीं आई. परिजनों ने काफी खोजबीन की. जब उनका कुछ पता नहीं चला तब परिजनों ने इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी.
घर से स्कूल निकली थीं
मामला नगर थाना क्षेत्र के हनुमानगढ़ी इलाके का है. शहर के वार्ड नंबर 6 हनुमानगढ़ी निवासी गोरख राम (50) ने नगर थाना में लिखित शिकायत दी, जिसमें बताया कि उनकी 15 साल की बेटी 30 मई को घर से सुबह 6 बजे स्कूल के लिए निकली थी. स्कूल से छुट्टी होने के बावजूद दोपहर 2 बजे तक घर नहीं पहुंची. परिजनों ने इसकी छानबीन स्कूल जाकर की.
तीन सहेलियां भी लापता
परिजनों के मुताबिक, उनकी बेटी के अलावा उनकी बेटी की सहेलियां भी स्कूल से गायब हैं. परिजनों ने बताया कि पता करने पर यह जानकारी मिली कि चारो लड़कियों को राहुल कुमार और अर्जुन कुमार बहला फुसला कर अपने पास बुलाया और अपहरण कर लिया है. नगर थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.
दिल्ली जाने की बात सामने आई
सदर एसडीपीओ चंदन कुमार ने बताया कि नगर थाना में 4 लड़कियों के मिसिंग होने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पूछताछ में पता चला है की लड़कियां रील बनाने और सोशल मीडिया पर पॉपुलर होने के चक्कर में किसी के बुलाने पर दिल्ली चली गई हैं. परिजनों से भी बात हुई है. मामला डांट फटकार की वजह से नाराजगी को लेकर भी घर छोड़ना वजह हो सकता है.
सभी लड़कियां नाबालिग हैं
उन्होंने बताया कि लड़कियों के बयान के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो पाएगा. एसडीपीओ ने कहा कि उन लड़कियों से संपर्क हो गया है. वे आज शाम तक गोपालगंज वापस लौट आएंगी. उनके यहां आने के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी. इसके साथ ही उनका मेडिकल भी कराया जाएगा. सभी लड़कियां नाबालिग हैं. मजिस्ट्रेट के सामने उनका बयान भी दर्ज कराया जाएगा.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में बारिश, गर्मी से राहत; आंधी में मालगाड़ी के 4 कंटेनर उड़े
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं