विज्ञापन

भरत तिवारी के Viral Video का फ्रेम बाइ फ्रेम विश्लेषण, जिसके बाद हुआ था एनकाउंटर

बिहार के भोजपुर जिले में भरत तिवारी नाम के युवक के पुलिस को धमकाने वाले और फिर उसके सरेंडर करनेवाला वीडियो बड़ी चर्चा में है. क्या है इन वीडियो में?

भरत तिवारी ने पुलिस पर फेसबुक लाइव करते हुए फायरिंग की थी
NDTV

बिहार के भोजपुर जिले के बलौटी गांव में भरत तिवारी नाम के युवक की पुलिस कार्रवाई में मौत का मामला देखते-देखते बिहार सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है. इस मामले में बिहार पुलिस निशाने पर है और सरकार और विपक्ष के नेताओं ने तो पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए ही है, लेकिन स्वयं बिहार पुलिस के अधिकारियों ने भी स्वीकार किया है कि इस मामले में चूक हुई है. भरत तिवारी के मामले की सबसे ज्यादा चर्चा इसलिए हो रही है क्योंकि उसने खुलेआम पिस्तौल लहराते हुए पुलिस को चुनौती दी थी और यह सब उसने फेसबुक पर लाइव दिखाया था. आइए समझते हैं कि उस चर्चित वायरल वीडियो में क्या हुआ था.

पुलिस भरत तिवारी के पास क्यों आई और कैसे सामने आया वीडियो?

यह चर्चित वीडियो 17 जून सोमवार का है. दरअसल भरत तिवारी का हथियार हाथ में लिया हुआ एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था. इसके बाद पुलिस भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में स्थित बलौटी गांव पहुंची. इसके बाद युवक ने पुलिस को धमकाना शुरू कर दिया.

वायरल वीडियो में दिखता है कि युवक गांव में एक निर्माणाधीन घर के आगे एक खाट पर पांव मोड़कर लेटा है. उसके सामने एक पुलिसकर्मी कुर्सी पर बैठा है जो संभवतः उससे बात कर रहा था. तभी घर के आगे दो और पुलिसकर्मी अंदर की ओर आने की कोशिश करते हैं. उन्हें देख युवक उत्तेजित हो जाता है और खाट से उठकर उन्हें पिस्तौल दिखाते हुए धमकाने लगता है. वह उन्हें मारेगा? मारेगा? कहते हुए सीधे उनकी ओर पिस्तौल दिखाते हुए उन्हें कहता है- दफा हो यहां से, भाग...चालाकी करता है, भाग.

Latest and Breaking News on NDTV

बाहर पुलिसकर्मियों पर पिस्तौल तानता युवक
 Photo Credit: NDTV

युवक के खड़ा होते ही घर के अंदर से एक महिला आ जाती है जो युवक की मां है. वह बेटे को समझाती है. कुर्सी पर बैठा पुलिसकर्मी पीछे खड़े दोनों पुलिसकर्मियों को इशारे से हटने के लिए कहता है.

वीडियो में बाहर खड़े दोनों पुलिसकर्मी दिखाई देते हैं. एक ने हाथ में गन उठाई हुई है, दूसरे की भी कमर में पिस्टल है, और उसका हाथ उसपर है. युवक लगातार उन्हें हटने के लिए कहता है. उसे आक्रामक देखकर बाहर खड़े दोनों पुलिसकर्मी पीछे हट जाते हैं. एक साइड में चला जाता है, दूसरा थोड़ा पीछे हो जाता है.

वीडियो में फिर दिखता है कि कुर्सी पर बैठा पुलिसकर्मी भी खड़ा है और उसे समझा रहा है. मां भी समझा रही है.

पुलिस को धमकाना

लेकिन युवक उत्तेजित है और लगातार पीछे खड़े पुलिसकर्मी को पिस्तौल दिखाते हुए धमका रहा है और वीडियो में दिखाने के लिए कहता है. एक और युवक फ्रेम में दिखता है, जो किसी दूसरे फोन से युवक का सामने से वीडियो बना रहा है. घर के अंदर साथ खड़ा पुलिसकर्मी बाहर खड़े पुलिसकर्मी को इशारे से जाने के लिए कहता है जिसके बाद वह हट जाता है.

मां रो रही है. युवक कहता है कि आतंकवादी आते हैं तो (पुलिसवाले) डरकर भाग जाते हैं और यहां पिस्तौल लहरा रहे हैं. वह भोजपुरी में धमकाता है- 'हट, ना त ठोक देब दू-चार ठो के...हट.'

मां रो रही है. वीडियो में दिखता है कि घर के अंदर बरामदे में तीन-चार और पुलिसकर्मी खड़े होकर यह सब देख रहे हैं. 

युवक बाहर मौजूद पुलिसवालों को धमकाता रहता है - 'जहां बोलना है वहां त निकलबे नहीं करेगा, घूस-पैसा लेकर बोली ही नहीं निकलेगा...यहां पिस्टल दिखाता है...हिम्मत है त बदमाश और क्रिमिनल लोग को पकड़ो, ठोक देगा वहीं पे.'

फिर वह दोबारा खाट पर लेट जाता है और साथ मौजूद लोगों से कहता है- 'रिकॉर्डिंग कर लोग, हई लोग त करते बा (रिकॉर्डिंग करते रहो, ये लोग तो कर ही रहे हैं)'

नजदीक आए पुलिसकर्मियों को युवक ने धमकाया

नजदीक आए पुलिसकर्मियों को युवक ने धमकाया
Photo Credit: NDTV

पुलिसकर्मी के साथ आराम से बातचीत 

इसके बाद वीडियो में वही पुलिसकर्मी दिखता है जो पहले कुर्सी पर बैठा था. वह फिर से कुर्सी पर बैठा है और युवक से पूछता है - 'आप क्या बनना चाहते हैं?'

युवक जवाब में कहता है- 'आपको हमारा काम देखके समझ नहीं आ रहा है क्या है कि हम क्या बनना चाहते हैं. आपका दिल और दिमाग दोनों कबूल कर रहा है कि हम क्या हैं, लेकिन आपलोग यह स्वीकार नहीं कर पाएंगे कि हम क्या चीज हैं और क्या कर सकते हैं. आपका भी तो नौकरी है, तो आप बोल नहीं सकते हैं. लेकिन आपको मन में लग रहा होगा कि हम अच्छा नहीं कर रहे हैं, लेकिन हम कर रहे हैं.'

इसके बाद पुलिसकर्मी युवक से पूछता है- 'आप एसडीएम साहब को टारगेट किए हैं, ऐसा क्या हुआ है, क्या वो आपका कोई काम नहीं किए. क्या हुआ है?'

युवक कहता है- 'हां वह पहला टारगेट हैं.'

इसके बाद दोनों के बीच और बातें होती रहती हैं.

साथ बैठा पुलिसकर्मी पूछता है कि भरत क्या बनना चाहते हैं

साथ बैठा पुलिसकर्मी पूछता है कि भरत क्या बनना चाहते हैं
Photo Credit: NDTV

दूसरा वीडियो - छत से पुलिस की जीप पर फायरिंग

एक और वीडियो सामने आया है. इसमें युवक का चेहरा नहीं दिखता लेकिन उसकी आवाज सुनाई देती है और वह छत से नीचे दूर सड़क पर खड़ी पुलिस की एक जीप पर पिस्तौल से फायरिंग कर रहा है. वह धमकाता है और गालियां देते हुए कहता है - दरवाजा क्यों बंद कर लिया, खोल. अभी तुम सबको मारेंगे, तेरा एनकाउंटर करेंगे.

तीसरा वीडियो - सीधे पुलिस की जीप पर फायरिंग

इसके बाद एक और वीडियो सामने आया जिसमें फिर पिछले वीडियो की तरह कैमरे में सिर्फ युवक का हाथ दिखता है और आवाज सुनाई देती है. वह दूर खड़ी पुलिस की जीप पर पिस्टल से गोली चला रहा है.

वह कहता है - देखिए स्टार्ट हो गया है. पागल हैं हम. हटो सब. मारो सब. मेरा बलिदान जाया नहीं जाएगा. घेरकर मारिए. बढ़िया से मारो. फायर पर फायर, बढ़िया से मारो (युवक का थोड़ा चेहरा दिखता है). मारो. मारो.

इस वीडियो से साफ समझ में आता है कि भरत तिवारी ने गोलियां दागते हुए वीडियो बनाया है.

चौथा वीडियो - सरेंडर

इसके बाद एक वीडियो सामने आता है जिसमें भरत की पिस्टल पुलिस की जीप के आगे फेंकी हुई है. यानी वह सरेंडर करना चाहता है और पिस्टल फेंक देता है.

वीडियो में वह कहता है- अगर वो मांग मानने के लिए तैयार हैं, तो हथियार अभी त्याग दिया जाएगा. तो चलिए हथियार रख दिया जाता है.

यह कहते हुए वह पुलिस के सामने पिस्टल फेंक देता है. इसके बाद फेसबुक लाइव बंद हो जाता है.

घर के बरामदे में मौजूद अन्य पुलिसकर्मी

घर के बरामदे में मौजूद अन्य पुलिसकर्मी
Photo Credit: NDTV

पुलिस पर एनकाउंटर का आरोप

भरत तिवारी के परिवार का आरोप है कि सरेंडर करने के बाद पुलिसवालों ने उसका एनकाउंटर कर दिया. परिवार ने आरोप लगाया कि उसके भाई को पांच गोलियां शरीर से गन लगाकर मारी गईं.

पुलिस इसके बाद भरत तिवारी को आरा के सदर अस्पताल ले गई. फिर वहां से पटना ले जाया गया. भरत तिवारी की मौत हो गई. 

खबर मिलते ही पहले गांव के लोगों ने पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और देखते-देखते भरत तिवारी की मौत की पूरे देश में चर्चा होने लगी.

ये भी पढ़ें-:
भरत त‍िवारी के एनकाउंटर पर अन‍िरुद्धाचार्य बोले- क‍ितनों को मारोगे, फ‍िर दूसरा खड़ा होगा

Exclusive: भरत तिवारी की मां बोली- मेरे बेटे के एनकाउंटर के लिए SDM, DSP, SP भी जिम्मेदार, PM से की यह मांग

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar, Bharat Tiwari, Bharat Tiwari Ara, Bharat Tiwari Encounter Bihar, Bihar News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com