विज्ञापन

बोलेरो का इंजन खोला तो मिला शराब का जखीरा, बिहार में पुष्पा स्टाइल में तस्करी, सामने आया VIDEO

नेपाल सीमा से सटे पश्चिमी चंपारण में शराब तस्करी लंबे वक्त से चुनौती बनी हुई है. अब तस्कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसे के नीचे और वाहनों के इंजन तक को शराब छिपाने का ठिकाना बना रहे हैं.

शराब तस्करों ने निकाले नए तरीके (Photo: NDTV)
पश्चिम चंपारण:

बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, लेकिन शराब तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए लगातार नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं. इस बार शराब तस्करों ने बोलेरो के इंजन को ही शराब का गुप्त तहखाना बना दिया. बाहर से देखने पर वाहन बिल्कुल सामान्य लग रहा था, लेकिन जैसे ही जांच टीम ने इंजन का हिस्सा खोला, अंदर से विदेशी शराब की बोतलें निकलने लगीं. इतना ही नहीं, उसी दिन बगहा में भूसे से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के अंदर छिपाकर भारी मात्रा में बीयर की खेप भी बरामद की गई. 

एक ही दिन हुई इन दो बड़े एक्शन की वजह से शराब तस्करों के नए खेल का पर्दाफाश हुआ है, जिससे तस्करों में हड़कंप मच गया है.

बोलेरो का इंजन 'गुप्त तहखाना'

जानकारी के मुताबिक, पटखौली थाना क्षेत्र में बगहा-वाल्मीकिनगर मुख्य मार्ग पर वाहन जांच के दौरान मधनिषेध इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में टीम ने एक बोलेरो को रोका. सामान्य जांच में कुछ नहीं मिला, लेकिन अधिकारियों को इंजन की बनावट पर शक हुआ. जब इंजन के अंदर बने गुप्त तहखाने को खोला गया तो वहां से 125.82 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. मौके से चालक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि बोलेरो को जब्त कर लिया गया.

Latest and Breaking News on NDTV

भूसे की आड़ में बीयर की तस्करी!

पहली कार्रवाई रामनगर थाना क्षेत्र के पुरन्दरपुर गांव में नहर किनारे गुप्त सूचना के आधार पर की गई. टीम ने भूसे से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाशी ली. जांच के दौरान भूसे के अंदर छिपाकर रखी गई 456 लीटर बीयर बरामद हुई. मधनिषेध विभाग ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.

Latest and Breaking News on NDTV

सैकड़ों लीटर शराब-बीयर जब्त

मधनिषेध इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में हुई इन दोनों कार्रवाइयों में कुल 581.82 लीटर शराब और बीयर बरामद की गई. एक तस्कर गिरफ्तार हुआ, जबकि दूसरा फरार है. दोनों मामलों में उत्पाद अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है. गिरफ्तार ड्राइवर से पूछताछ कर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है.

बदल रहे तस्करों के तरीके

नेपाल सीमा से सटे पश्चिमी चंपारण में शराब तस्करी लंबे वक्त से चुनौती बनी हुई है. अब तस्कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसे के नीचे और वाहनों के इंजन तक को शराब छिपाने का ठिकाना बना रहे हैं. हालांकि, बगहा में हुई इस कार्रवाई ने साफ कर दिया कि तस्करों के बदलते हथकंडों पर भी मधनिषेध विभाग की पैनी नजर है. अधिकारियों का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

(पश्चिम चंपारण के बगहा से बिंदेश्वर कुमार की रिपोर्ट)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar, Bihar Liquor Ban, Liquar Ban In Bihar, Liquor
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com