विज्ञापन

बेगूसराय में बेखौफ अपराधियों ने 12 घंटे में 3 जगहों पर की गोलीबारी, महिला और B.Sc छात्र की हत्या, एक गंभीर

बिहार के बेगूसराय जिले में बीते 12 घंटे में गोलीबारी की तीन घटनाओं में दो लोगों की हत्या कर दी गई. जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. अपराध की इन घटनाओं से पुलिस-प्रशासन की चुनौती बढ़ी है.

बेगूसराय में बेखौफ अपराधियों ने 12 घंटे में 3 जगहों पर की गोलीबारी, महिला और B.Sc छात्र की हत्या, एक गंभीर
मृतक बीएससी नर्सिंग और महिला की फाइल फोटो.
बेगूसराय:

बेगूसराय में बेलगाम अपराधियों ने पिछले 12 घंटे मे तीन जगहों पर गोलीवारी की घटना को अंजाम दिया. इस घटना में जहां दो लोगों की मौत हो गई, वहीं एक की हालत गंभीर बनी हुई है. खास बात यह है कि बदमाशों ने दो घटना को बिल्कुल फिल्मी अंदाज मे अंजाम दिया है. जिसमें एक घटना में राह चलती एक महिला को गोली मारकर हत्या कर दी है. लगातार बढ़ रहे आपराधिक घटना से बेगूसराय के लोग दहशत में है. पहली घटना में बेखौफ अपराधियों ने बीएससी नर्सिंग के छात्र की गोली मारकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई है. इस हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैली हुई है. घटना खोदाबंदपुर थाना क्षेत्र के नुरुल्लाहपुर तीन बटिया के पास की है. मृतक युवक की पहचान मोहनपुर गांव के वार्ड- 12 निवासी योगेंद्र पासवान के 22 वर्षीय पुत्र प्रियांशु राज के रूप में हुई है. 

परीक्षा देकर रात में लौटा था छात्र, सिर में मार दी गोली

बताया जाता है कि प्रियांशु पटना में परीक्षा देकर रात में ही घर लौटा था. इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उसे निशाना बनाते हुए सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेराबंदी कर जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा,एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है. 

शरीर पर कई जगहों पर चाकू से भी गोदा

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. घटना के संबंध में मृतक के परिजन ने बताया कि सुबह में हम लोगों को घटना की जानकारी मिली. सिर में तीन से चार गोली मारी गई है. शरीर में कई जगहों पर चाकू से गोदा गया है. प्रियांशु दरभंगा में बीएससी नर्सिंग कर रहा था. वहीं रहता था. परीक्षा देने के बाद शनिवार को ही गांव आया था. रात में खाना खाकर घर में सोया था. फिर कब और कैसे निकला, इस संबंध में किसी को कोई जानकारी नहीं है.

एसपी बोले- मामले की चल रही छानबीन

घटनास्थल पर ही उसकी बाइक मिली है. वहीं इस घटना के संबंध में एसपी मनीष ने बताया कि नुरुल्लाहपुर में प्रियांशु उर्फ बादल की बॉडी मिली है. घटनास्थल के पास ही बाइक मिली है. एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच कर जांच कर रही है. परिजनों से बात कर रहे हैं. खोखा बरामद किया गया है. विशेष पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल सकेगा. अनुसंधान चल रहा है, उसके बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकता है. 

पुलिस के द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है,संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. 

तेयाय के रघुनंदनपुर में महिला की गोली मारकर हत्या

दूसरी घटना तेयाय ओपी क्षेत्र के रघुनंदनपुर गांव के सीमा के पास की है. जहां बदमाशों ने एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतका की पहचान तेयाय ओपी क्षेत्र रघुनंदनपुर वार्ड नंबर-8 के रहने वाले चंदन कुमार चौधरी की पत्नी सुमन कुमारी के रूप में हुई है. मृतका सुमन कुमारी अपने पति और बच्चों के साथ पूजा में शामिल होने अपने बहन के घर जा रही थी. इसी दौरान गाछी के पास उसने टॉयलेट करने जाने की बात कहकर बाइक रुकवाया और उतरकर कुछ दूरी पर गई थी. 

बाइक सवार बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

इसी दौरान दो बाइक पर सवार 4 बदमाश वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली की आवाज सुनकर उसके पति, बच्चे और आसपास मौजूद अन्य लोग दौड़े, लेकिन तब तक बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. घटना के तुरंत बाद सुमन को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. 

महिला के पति ने बताया- गांव के पकंज से था विवाद

घटना की सूचना मिलते  पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की छानबीन में जुट गई. घटना के संबंध में मृतक के पति ने बताया कि गांव के दीपक नाम के व्यक्ति ने मेरी पत्नी की गोली मारकर हत्या की है क्योंकि पहले गांव के ही पंकज नाम के व्यक्ति के साथ दीपक की मारपीट हुई थी. उस समय मेरी पत्नी ने घायल पंकज को अस्पताल पहुंचाने में उसकी मदद की थी. इसी बात से बदमाश नाराज था कि हमने पंकज की मदद क्यों की? उसने पहले भी धमकी दी थी और आज मौका पाकर मेरी पत्नी के गोली मारकर हत्या कर दी. 

डीएसपी बोले- घटना का कारण पुराना विवाद

वहीं घटना के संबंध में तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार ने बताया कि रघुनंदनपुर गांव के रहने वाले दीपक चौधरी की पत्नी सुमन कुमारी की हत्या हुई है. कितनी गोलियां लगी हैं, यह पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा. घटना का कारण पुराना विवाद बताया जा रहा है. अनुसंधान चल रहा है, जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. FSL टीम को भी बुलाया गया है. परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

बछवारा के फतेहा में गोलीबारी में एक युवक घायल

वहीं गोलीबारी की तीसरी घटना में एक युवक को गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज स्थानीय निजी नर्सिंग होम में चल रहा है. घटना बछवारा थाना क्षेत्र के फतेहा पंचायत के वार्ड संख्या 11 गोनूचक की है. घायल युवक की पहचान गोनूचक गांव निवासी गणेश चौधरी के 17 वर्षीय पुत्र पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. घटना का कारण आपसी विवाद बताया जा रहा है, जिसमें हुई गोलीबारी की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं आरोपी उसके पड़ोसी सूरज चौधरी के पुत्र व चाचा गौरव कुमार को पुलिस ने मौका-ए-वारदात से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी इंडियन आर्मी में सिपाही के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है.

यह भी पढ़ें - बेगूसराय में 24 घंटे में दो बड़ी वारदात! पहले JDU नेता, फिर कपड़ा व्यवसायी को मारी गोली

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Begusarai, Begusarai Crime, Begusarai Crime News, Begusarai Police, Begusarai Firing
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com