- बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा के अभिषेक कुमार ने नामांकन वापस ले लिया, नीरज कुमार नए उम्मीदवार घोषित किए गए
- जन सुराज नेता प्रशांत किशोर ने भाजपा उम्मीदवार के मैदान छोड़ने को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा
- पीके ने कहा कि भाजपा का बांकीपुर किला कमजोर हो गया है और जनता इस बार भाजपा को करारी हार देने को तैयार है
बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर चुके भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अभिषेक कुमार ‘बंटी' ने नामांकन दाखिल करने के बाद शुक्रवार को अपना नाम वापस ले लिया. इसके बाद पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने नीरज कुमार सिन्हा को नया आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया. इस घटनाक्रम के बाद जन सुराज पार्टी के नेता और प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है कि बीजेपी का उम्मीदवार चुनाव मैदान से भाग गया.
प्रशांत किशोर ने कहा कि बीजेपी उम्मीदवार मैदान छोड़कर भाग गए. मैं पहले भी कहता रहा हूं कि जनबल के आगे कोई बल नहीं होता. अभी तक आपने देखा था कि बीजेपी के डर से दूसरे दलों के उम्मीदवार चुनाव मैदान छोड़ देते थे. कभी सीबीआई-ईडी का डर दिखाकर, कभी किसी को खरीदकर और कभी किसी का नामांकन रद्द कराकर, बीजेपी उम्मीदवारों को निर्विरोध जिताने का प्रयास करती थी. लेकिन इस बार जनता ने इनके साथ ही इंसाफ कर दिया.

उन्होंने कहा कि ये लोग कहते थे कि बांकीपुर बीजेपी का इतना मजबूत किला है कि वहां उन्हें कोई हरा नहीं सकता. अब स्थिति ये है कि बीजेपी को ये समझ नहीं आ रहा कि किसे उम्मीदवार बनाया जाए. पहले जिसे उम्मीदवार बनाया था, वह मैदान छोड़कर चला गया और अब दूसरे उम्मीदवार को लाना पड़ा है.
जनता बीजेपी को करारी शिकस्त देगी- पीके
पीके ने कहा कि मैं पूरे विश्वास से कहता हूं कि 3 तारीख को जनता इन्हें करारी शिकस्त देगी. मुद्दा ये नहीं है कि उम्मीदवार किस वजह से हटे. मुद्दा यह है कि पूरे देश में दूसरे दलों के उम्मीदवारों को डराकर मैदान से हटाने वाली बीजेपी का उम्मीदवार आज बांकीपुर में खुद मैदान छोड़ गया. बांकीपुर की जनता ने तय कर लिया है कि इस बार बीजेपी को हराना है. हम किसी से डरने वाले नहीं हैं.
जन सुराज नेता ने कहा कि उनके पास प्रधानमंत्री हैं, गृह मंत्री हैं, मुख्यमंत्री हैं और देश के अधिकांश हिस्सों में उनकी सरकार है. हमारी क्या हैसियत है? लेकिन वे जनता के गुस्से और विरोध से डर गए हैं. अहंकार में कहा जाता था कि ‘कुत्ता-बिल्ली को भी खड़ा कर देंगे तो बांकीपुर की जनता हमें ही वोट देगी.' अब सच्चाई सामने आ जाएगी. आप जिसे भी उम्मीदवार बनाइए, जनता इस बार वोट नहीं देगी.

इसे भी पढ़ें: बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार अभिषेक कुमार ने वापस लिया नामांकन, वजह भी बताई
उन्होंने कहा कि हम सिर्फ बांकीपुर का विधायक बनने नहीं आए हैं. हम बांकीपुर जीतकर सम्राट चौधरी को उनके पद से हटाने आए हैं. यह तो सिर्फ शुरुआत है. जिस दिन बांकीपुर में बीजेपी हारेगी, उस दिन उनकी राजनीति पर बड़ा असर पड़ेगा. बीजेपी के कई कार्यकर्ता और समर्थक भी मानते हैं कि सम्राट चौधरी जैसे व्यक्ति को वे मुख्यमंत्री के रूप में स्वीकार नहीं कर सकते.
इसे भी पढ़ें: बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अब नीरज कुमार सिन्हा को बनाया उम्मीदवार
इसे भी पढ़ें: कौन हैं 32 साल के नीरज कुमार सिन्हा, जो बांकीपुर उपचुनाव में बने भाजपा के नए उम्मीदवार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं