विज्ञापन

बिहार: स्कूल में खराब खाने को लेकर बवाल, ANM छात्राओं-जीविका दीदियों में चले ईंट-पत्थर; प्राचार्य पर गंभीर आरोप

जिला जीविका कार्यालय और अस्पताल प्रशासन दोनों मामले को शांत कराने में जुटे हैं, लेकिन छात्राओं का गुस्सा अभी शांत नहीं हुआ है. फिलहाल कैंपस में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

बिहार: स्कूल में खराब खाने को लेकर बवाल, ANM छात्राओं-जीविका दीदियों में चले ईंट-पत्थर;  प्राचार्य पर गंभीर आरोप
बिहार: स्कूल में खराब खाने को लेकर बवाल

बिहार के बगहा स्थित ANM ट्रेनिंग आवासीय स्कूल शुक्रवार को उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब हॉस्टल में भोजन की खराब गुणवत्ता और बदबूदार पेयजल को लेकर प्रदर्शन कर रहीं छात्राओं और जीविका दीदियों के बीच हिंसक झड़प हो गई. विरोध प्रदर्शन के दौरान शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट, धक्का-मुक्की और ईंट-पत्थरबाजी में बदल गई, जिससे पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. घटना में कई छात्राएं घायल हुई हैं, जिनका इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया. हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और सुरक्षा गार्डों को कैंपस में तैनात करना पड़ा है.

खराब खाने को लेकर प्रदर्शन कर रही थीं छात्राएं

ANM ट्रेनिंग स्कूल की करीब 72 छात्राएं पिछले दो दिनों से हॉस्टल में दिए जा रहे भोजन और पानी की गुणवत्ता को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही थीं. छात्राओं का आरोप है कि उन्हें परोसा जा रहा खाना बेहद खराब और अस्वच्छ है, जबकि पीने के पानी से बदबू आती है. कई छात्राओं ने दावा किया कि इस कारण उनकी तबीयत भी खराब हुई है. गुरुवार से ही छात्राएं हॉस्टल परिसर में थाली-बर्तन बजाकर और तख्तियां लेकर प्रदर्शन कर रही थीं. उनका कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया गया, जिसके कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा.

खाने में चावल

खाने में चावल

शुक्रवार को प्रदर्शन के दौरान छात्राएं हॉस्टल गेट के सामने खाली पानी की बोतलें, प्लेट और बर्तन लेकर नारेबाजी कर रही थीं. इसी बीच बड़ी संख्या में जीविका समूह से जुड़ी महिलाएं और ‘दीदी की रसोई' से जुड़े कर्मी स्कूल परिसर पहुंच गए. छात्राओं और जीविका दीदियों के बीच पहले तीखी बहस शुरू हुई. दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाने लगे. माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि कुछ ही मिनटों में विवाद उग्र रूप ले बैठा और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए.

झड़प में कई ANM ट्रेनी छात्राएं गंभीर घायल

देखते ही देखते बहस हिंसक झड़प में बदल गई. दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की, मारपीट और चप्पल-बोतल फेंकने की घटना शुरू हो गई. कुछ देर बाद ईंट-पत्थर भी चलने लगे, जिससे परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. अचानक हुए हमले से कई छात्राएं जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगीं. घटना में कई ANM ट्रेनी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि कई अन्य को मामूली चोटें आईं. अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हालात को नियंत्रित किया गया.

घटना के बाद ट्रेनिंग स्कूल के प्राचार्य श्रीश वर्मा ने आरोप लगाया कि छात्राएं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रही थीं, लेकिन बाहरी लोगों को बुलाकर माहौल खराब किया गया और छात्राओं पर हमला कराया गया. वहीं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सह प्रबंधक सोहेल राज ने कहा कि छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. हालांकि उन्होंने भोजन और पानी की व्यवस्था को संतोषजनक बताते हुए आरोपों को निराधार बताया. दूसरी ओर जीविका समूह की महिलाओं ने प्राचार्य पर छात्राओं को भड़काने और उनके साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद घायल छात्राओं और ANM ट्रेनी ने साफ कर दिया है कि जब तक ‘दीदी की रसोई' को हटाया नहीं जाएगा और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा. (रिपोर्ट- बिंदेश्वर कुमार)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com