- मुजफ्फरपुर में इन्सेफ्लाइटिस से 100 से ज्यादा बच्चों की मौत
- प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंत्री मंगल पांडे ने पूछा- कितने विकेट हुए?
- असंवेदनशीलता दिखाने पर विपक्ष ने की मंगल पांडे के इस्तीफे की मांग
मुजफ्फरपुर में इन्सेफ्लाइटिस से 100 से ज्यादा बच्चों की मौत के मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे (Mangal Pandey) ने कुछ ऐसा पूछ लिया जिससे एक नया विवाद शुरू हो गया है. मुजफ्फरपुर में रविवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्वनी चौबे (Ashwini Choubey) और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. इस दौरान बीते 2 हफ्तों में इन्सेफ्लाइटिस से 100 से ज्यादा बच्चों की मौत के मामले पर चर्चा हुई थी और मांग की गई थी कि केंद्र को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि ऐसी घटना भविष्य में नहीं होगी.
लेकिन एएनआई ने एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें दिख रहा है कि बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे इस गंभीर समस्या के बीच क्रिकेट वर्ल्डकप का स्कोर पूछ रहे हैं. रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच मैच चल रहा था. मंत्री ने पूछा कि अब तक कितने विकेट हुए? जिसके जवाब में किसी ने कहा 4 विकेट.
#WATCH Bihar Health Minister Mangal Pandey asks for latest cricket score during State Health Department meeting over Muzaffarpur Acute Encephalitis Syndrome (AES) deaths. (16.6.19) pic.twitter.com/EVenx5CB6G
— ANI (@ANI) June 17, 2019
मोदी सरकार ने डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए नया कानून लाने की कोशिश शुरू की
आरजेडी, कांग्रेस, एचएएम और लेफ्ट पार्टियों ने गंभीर समस्या के दौरान असंवेदनशीलता दिखाने पर मंत्री के इस्तीफे की मांग की है. आईएएनएस के मुताबिक आरजेडी नेता राम चंद्र पूर्वे ने कहा, 'जिस दौरान हर्षवर्धन मीडिया को इस समस्या के बारे में बता रहे थे उस समय मंगल पांडे को क्रिकेट स्कोर जानने में दिलचस्पी थी.' एचएएम के प्रवक्ता दानिश रिजवान ने कहा, 'राज्य के स्वास्थ्य मंत्री की प्राथमिकता बच्चों की मौत की बजाय क्रिकेट थी.' कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी ट्विटर पर इसी तरह की प्राथमिकता व्यक्त की.
मंगल पांडे का क्रिकेट को लेकर ये विवाद तब सामने आया है जब राज्य स्वास्थ्य मंत्री अश्वनी चौबे पहले ही एक फोटो को लेकर आलोचना का सामना कर रहे हैं. इस फोटो में वह बच्चों की मौत मामले में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सोते हुए दिख रहे हैं. हालांकि उन्होंने दावा किया था कि वह सो नहीं रहे थे बल्कि गहरी सोच में थे.
बता दें कि बिहार के मुजफ्फरपुर में बीते 16 दिनों में 100 से ज्यादा बच्चों की मौत हो चुकी है और 300 से ज्यादा बच्चे इन्सेफ्लाइटिस से पीड़ित हैं. आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक श्रीकृष्णा मेडिकल कॉलेज में 83 बच्चों की मौत हुई है और बिहार के केजरीवाल हॉस्पिटल में 17 बच्चों की मौत हुई है. (इनपुट: एजेंसी)
VIDEO: नहीं थम रही मासूमों की मौत, अब तक 100 बच्चों ने तोड़ा दम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं