- जल जमाव को लेकर पटना शहर के निवासियों के बीच काफी आक्रोश
- लोग बीजेपी विधायकों व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी को ज़िम्मेदार मान रहे
- नीतीश-मोदी को आशंका है कि मीडिया देखकर लोग प्रदर्शन न करने लगें
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आखिरकार मंगलवार की शाम को पटना शहर में भरे पानी की निकासी का खुद जाकर निरीक्षण किया. इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने दिन में कई जगहों पर जल जमाव का जायजा लिया और शाम को नगर विकास विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक के बाद निष्कर्ष यही निकला कि अतिरिक्त पंपों की सहायता से दो दिन में दो फीट पानी की निकासी होगी. नीतीश कुमार ने इससे पूर्व रविवार को अलग-अलग जगहों पर पानी का जायजा लिया और सोमवार को हेलिकॉप्टर से सर्वे किया. इससे पूर्व राहत सामग्री जो पटना के श्री कृष्णा मेमोरियल हाल में बन रही थी, उसका भी निरीक्षण किया.
लेकिन वे चाहे नीतीश कुमार हों या सुशील मोदी किसी ने अपने शहर में भ्रमण के बारे में मीडिया को कोई जानकारी नहीं दी. उनके साथ चलने वाले सरकारी जनसंपर्क अधिकारियों ने वीडियो और बैठक के बारे में जानकारी दी.

पटना में जल जमाव से चार-पांच दिन नहीं मिलेगी निजात, डिप्टी सीएम मोदी ने ली बैठक
माना जा रहा है कि नीतीश कुमार, जिन्होंने सोमवार को भी बाढ़ प्रभावित इलाकों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की थी, ने मीडिया से चमकी बुखार के बाद इस बार भी दूरी बनाकर रखी है. इसका एक कारण यह भी माना जा रहा है कि जल जमाव को लेकर पटना शहर के निवासियों के बीच काफी आक्रोश है और अगर इन दोनों नेताओं के साथ जल जमाव वाले इलाके के भ्रमण के बारे में मीडिया को पहले से जानकारी दे दी जाए तो शायद और अधिक संख्या में लोग विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं. इससे बचने के लिए मीडिया को जानकारी नहीं दी जा रही है. लेकिन साथ ही साथ शहर में जल निकासी की क्या व्यवस्था है, उसके बारे में नगर विकास विभाग या राज्य सरकार का कोई आला अधिकारी भी मीडिया से सही जानकारी शेयर नहीं कर रहा.

इसके कारण तरह-तरह की अफवाहों के आधार पर ख़ूब चर्चा भी चल रही है, लेकिन हर व्यक्ति जल जमाव के लिए बीजेपी के विधायकों, नगर विकास मंत्री व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी को ज़िम्मेदार तो मान ही रहा है. साथ ही साथ नीतीश कुमार के बारे में अब यह धारणा बन गई है कि उन्होंने पटना की साफ़-सफ़ाई, जल निकासी की अगर अपने 14 साल के शासनकाल में उपेक्षा नहीं की होती तो शायद शहर में रहने वाले लाखों लोगों को इतनी मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़ता.
VIDEO : बारिश थमने से पटना वासियों को राहत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं