विज्ञापन
This Article is From Nov 04, 2016

भोपाल जेलब्रेक के दौरान 'नदारद' थे 80 गार्ड, वीआईपी की सुरक्षा में हैं तैनात

भोपाल जेलब्रेक के दौरान 'नदारद' थे 80 गार्ड, वीआईपी की सुरक्षा में हैं तैनात
भोपाल: भोपाल सेंट्रल जेल से, जहां से पिछले सप्ताह प्रतिबंधित स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) के आठ सदस्य भागे थे और कुछ घंटे बाद मार गिराए गए थे, लगभग 80 गार्ड 'नदारद' हैं.

दरअसल, ये गार्ड जेल के स्थान पर अन्य जगहों पर तैनात किए गए हैं - मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, जेलमंत्री कुसुम मेहदाले, पूर्व जेलमंत्रियों, जेल अधिकारियों के घर तथा कार्यालय, और यहां तक कि जेल मुख्यालय में भी...

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था वाली राज्य की सबसे सुरक्षित जेल में मौजूद लगभग 3,300 कैदियों के लिए यहां सिर्फ 139 गार्ड हैं.

जेलों की प्रभारी जेलमंत्री कुसुम मेहदाले ने कहा, "मुझे लगता है, आप बात को बढ़ा-चढ़ाकर कह रहे हैं..."

उन्होंने कहा, "मेरे पास एक ड्राइवर है, और दो लोग मेरे कार्यालय में हैं... मुझे बाकियों का नहीं पता, लेकिन वह नहीं हो सकता, जो आप कह रहे हैं... लेकिन मैं फिर भी जांच करूंगी..."

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के छोर पर बनी जेल में गार्ड के लिए 250 पद हैं, जिनमें से 31 रिक्त हैं. इन गार्डों में से 70 ट्रेनी हैं. टंगक्लीनर, चादरों, और बर्तनों की मदद से आठ कैदियों के फरार हो जाने को देखते हुए यह हिसाब काफी चिंताजनक है.

दीवाली की रात को आठ कैदियों ने टंगक्लीनरों से बनी चाबियों की मदद ली, स्टील की पैनाई हुई प्लेटों से एक गार्ड का गला रेत दिया, और चादरों को जोड़कर 30-30 फुट ऊंची दो दीवारें फांदकर फरार हो गए. यह तथ्य चकराने वाले हैं कि इन हरकतों पर किसी की नज़र क्यों नहीं पड़ी.

इसके बाद वे कैदी जेल से लगभग 10 किलोमीटर दूर एक गांव की तरफ पैदल ही गए, और बाद में पुलिस ने मुठभेड़ में सभी को मार गिराया.

इसके बाद सामने आए मुठभेड़ के वीडियो की वजह से कार्रवाई पर कई सवालिया निशान लगे, जिन्हें देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने एक पूर्व जज द्वारा जेलब्रेक तथा मुठभेड़ की जांच करवाने के आदेश दे दिए हैं.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
भोपाल सेंट्रल जेल, भोपाल जेलब्रेक, सिमी सदस्य, भोपाल एनकाउंटर, भोपाल मुठभेड़, कुसुम मेहदाले, Bhopal Central Jail, Bhopal Prison Break, Bhopal Jail Break, SIMI Men, Bhopal Encounter, SIMI Men Killed, Kusum Mehdele
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com